श्रीनगर में नहीं रुक रहीं आतंकी वारदातें, गोलीबारी में एक जवान घायल
नई दिल्ली, 15 नवंबर: कश्मीर घाटी में सख्ती के बाद भी आतंकी घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। श्रीनगर में रविवार शाम आतंकियों ने फिर से हमला किया, जिसमें एक पुलिसकर्मी के घायल होने की खबर है। घटना के बाद आतंकी मौके से फरार हो गए। जिस वजह से पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। साथ ही घाटी में आतंकियों के खिलाफ बड़े पैमाने पर ऑपरेशन जारी है।

जम्मू-कश्मीर पुलिस के मुताबिक पुराने श्रीनगर शहर के नवाकदल के जमालता इलाके में एक संदिग्ध आतंकवादी ठिकाने पर छापेमारी के दौरान गोलीबारी हुई। जिसमें एक जवान घायल हो गया। सुरक्षाबलों ने घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। साथ ही घायल जवान को अस्पताल पहुंचा गया। एक हफ्ते से भी कम समय में ये श्रीनगर में जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवानों पर दूसरा हमला है। इससे पहले बटमालू इलाके में 29 वर्षीय पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
38 पाकिस्तान आतंकी सक्रिय
सूत्रों के मुताबिक जम्मू-कश्मीर में फिलहाल पाकिस्तान के 38 आतंकी सक्रिय हैं। इसमें 27 लश्कर के और 11 जैश-ए-मोहम्मद के बताए जा रहे हैं। सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे अधिकारियों के मुताबिक इस साल अक्टूबर में जम्मू-कश्मीर में नागरिकों की हत्याओं के बाद एक स्पेशल ग्रुप बनाया गया था, जो आतंकियों के छिपने की जगहों का पता लगा रहा है। इसके अलावा उन ओवर ग्राउंड वर्कर्स पर भी नजर रखी जा रही, जो आतंकियों को जरूरी मदद उपलब्ध करवाते हैं।
घुसपैठ कर सकते हैं आतंकी
कश्मीर में जब बर्फबारी शुरू होती है, तो एलओसी पर घुसपैठ के पारंपरिक रास्ते बंद हो जाते हैं। ऐसे में आतंकी संगठनों की कोशिश रहती है कि बर्फबारी से पहले ज्यादा से ज्यादा आतंकियो को घुसपैठ करवा सकें। जिस वजह से इन दिनों नियंत्रण रेखा के पास ज्यादा निगरानी की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications