जम्मू कश्मीर: अवंतीपोरा के त्राल में एनकाउंटर, दो आतंकी ढेर
श्रीनगर, 25 दिसंबर: जम्मू कश्मीर के अवंतीपोरा में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई है। मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराया है। शनिवार शाम को आईजीपी कश्मीर विजय कुमार की ओर से बताया गया है कि त्राल इलाके के हरदुमीर में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच जारी मुठभेड़ में दो आतंकी ढेर कर दिए हैं। पुलिस को हरदुमीर में आतंकियों के छुपे होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने इस एरिया को घेर लिया। सुरक्षाबलों पर आतंकियों की ओर फायरिंग होने के बाद जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें दो आतंकी मारे गए।

शोपियां में भी हुई मुठभेड़
शनिवार को ही राज्य के शोपियां के में भी सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई है। चौगान इलाके में हुई इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराया। कश्मीर पुलिस ने बताया है कि सुरक्षाबलों के एक संयुक्त दल ने आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया था। जैसे ही सुरक्षा बलों की टीम ने संदिग्ध स्थान की तलाशी तेज की तो छिपे हुए आतंकवादियों ने सेना पर गोलीबारी कर दी, जिसकी जवाबी कार्रवाई में दो आतंकी मार दिए गए। आतंकी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े बताए गए हैं। इनमें एक आतंकवादी ग्रेनेड फायरिंग और नागरिकों की हत्या में भी शामिल था।
इससे पहले शुक्रवार को अनंतनाग के अरवानी इलाके के मुंमहल इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस एनकाउंटर में सुरक्षाकर्मियों ने एक आतंकी को ढेर किया था। यहां भी सुरक्षाकर्मियों को आतंकियों के छिपे होने की जानकारी मिली थी। इस पर पूरे इलाके को सुरक्षाकर्मियों ने घेर लिया, जिसके बाद एनकाउंटर हुआ।












Click it and Unblock the Notifications