जम्मू कश्मीर: अवंतिपोरा और शोपियां के बाद अनंतनाग में भी एनकाउंटर शुरू, फोर्स ने आतंकियों को घेरा
श्रीनगर, दिसंबर 25। जम्मू कश्मीर में भारतीय सेना आतंकियों के सिर पर मौत बनकर मंडरा रही है। पिछले 24 घंटे के अंदर घाटी में अवंतिपोरा और शोपियां में 2 एनकाउंटर हुए हैं, जिसमें 4 आतंकियों को सेना ने मार गिराया है। इस बीच खबर है कि अनंतनाग के श्रीगुफवाड़ा इलाके में सुरक्षाबलों ने आतंकियों को घेर लिया है और एनकाउंटर शुरू हो गया है। कश्मीर जोन पुलिस की तरफ से इस एनकाउंटर की जानकारी दी गई है। हालांकि अभी ये नहीं बताया गया है कि कितने आतंकी इस एनकाउंटर में घिरे हैं।

पुलिस ने ट्वीट कर दी जानकारी
जम्मू-कश्मीर पुलिस की तरफ से ट्वीट कर इस एनकाउंटर की जानकारी दी गई है। ट्वीट में कहा गया है, "अनंतनाग के श्रीगुफवाड़ा इलाके के कलां में मुठभेड़ शुरू हो गई है। पुलिस और सुरक्षा बल मोर्चा संभाले हुए हैं।"
अवंतिपोरा और शोपियां में 2-2 आतंकी ढेर
आपको बता दें कि इससे पहले अवंतिपोरा और शोपियां में हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 4 आतंकियों को मार गिराया है। अवंतिपोरा में 2 और 2 ही आतंकी शोपियां में मारे गए हैं। आईजीपी कश्मीर विजय कुमार की ओर से बताया गया है कि त्राल इलाके के हरदुमीर में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच जारी मुठभेड़ में दो आतंकी ढेर किए गए हैं। पुलिस को हरदुमीर में आतंकियों के छुपे होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने इस एरिया को घेर लिया। सुरक्षाबलों पर आतंकियों की ओर फायरिंग होने के बाद जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें दो आतंकी मारे गए।
शोपियां एनकाउंटर में भी 2 आतंकी ढेर
वहीं दूसरी तरफ शोपियां के चौगान इलाके में भी सुरक्षाबलों और जवानों के बीच शनिवार को मुठभेड़ हुई। जवानों ने दो आतंकियों को मार गिराया। शनिवार की सुबह पुलिस की तरफ से इस एनकाउंटर की जानकारी दी गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मुठभेड़ में मारे गए दोनों आतंकियों की पहचान सज्जाद अहमद चेक निवासी ब्रारीपोरा व राजा बासिज नसीर के रूप में हुई है।












Click it and Unblock the Notifications