जम्मू कश्मीर: गुलाम नबी आजाद के समर्थन में 36 NSUI नेताओं ने कांग्रेस से दिया इस्तीफा
जम्मू,01 सिंतबर: गुलाम नबी आजाद के कांग्रेस पार्टी से इस्तीफे के बाद कांग्रेस पार्टी में काफी हलचल देखने को मिल रही है। जम्मू कश्मीर से ताल्लुक रखने वाले गुलाम नबी आजाद के इस्तीफे के बाद अब उनके समर्थन में जम्मू कश्मीर एनएसयूआई के 36 नेताओं ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया है। राज्य के उपाध्यक्ष अनिरुद्ध रैना और प्रदेश महासचिव मनिक शर्मा ने इस्तीफे की पेशकश की है।

एनएसयूआई-जम्मू-कश्मीर इकाई के महासचिव माणिक शर्मा ने अपने त्याग पत्र में कहा, "मैं कांग्रेस पार्टी से गुलाम नबी आजाद के समर्थन में इस्तीफा दे रहा हूं। मैं पार्टी में पक्षपात से तंग आ चुका हूं। पार्टी में जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं का काम मायने नहीं रखता। यही कारण है कि हम 90 प्रतिशत चुनावों में असफल रहे। उन्होंने कहा कि वे पिछले 6 साल से एनएसयूआई के साथ जुड़कर काम कर रहे थे, लेकिन अब लगता है कि संगठन में पसंद के लोगों को ही जगह दी जाती है।
इससे पहले जम्मू-कश्मीर के पूर्व उपमुख्यमंत्री तारा चंद समेत कांग्रेस के 64 वरिष्ठ नेताओं ने मंगलवार को दिग्गज नेता गुलाम नबी आजाद के समर्थन में पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। सूत्रों के मुताबिक, नेताओं ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपना इस्तीफा सौंपा। बताया जा रहा है कि देश भर में 5,000 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता आजाद के समर्थन में पार्टी से इस्तीफा देने के लिए तैयार हैं।
जम्मू और कश्मीर के चुनाव भी 2023 में होने वाले हैं, और गुलाम नबी आजाद के बाहर निकलने के साथ पार्टी की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। गुलाम नबी आजाद ने 26 अगस्त को कांग्रेस छोड़ने के बाद नई सियासी पारी खेलने का ऐलान किया था। उन्होंने कहा था कि वो जल्द जम्मू कश्मीर से अपनी नई सियासी पारी का आगाज करेंगे। सूत्रों की मानें तो आजाद 4 सितंबर को अपनी नई राजनीतिक पार्टी को लॉन्च कर सकते हैं। जम्मू कश्मीर कांग्रेस में लगी इस्तीफों की झड़ी को इससे जोड़कर देखा जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications