हर-हर महादेव के नारों के साथ फिर से शुरू हुई अमरनाथ यात्रा, मौसम में हुआ सुधार
जम्मू कश्मीर में अमरनाथ यात्रा फिर से शुरू हो गई। जिस तरह से यहां मौसम में कुछ सुधार देखने को मिला है उसे देखते हुए प्रशासन ने अमरनाथ यात्रा को फिर से शुरू कर दिया है।
अमरनाथ यात्रा के लिए बालटाल स्थित बेस कैंप से श्रद्धालु फिर से यात्रा के लिए निकल पड़े हैं। वहीं चॉपर सेवाएं भी एक बार फिर से शुरू हो गई है। इससे पहले जम्मू कश्मीर के एलजी मनोज सिन्हा ने अमरनाथ यात्रा की तैयारियों का जायजा लिया था।

श्रद्धालुओं ने बताया कि अमरनाथ यात्रा 6 जुलाई से रोक दी गई थी। खराब मौसम की वजह से यात्रा को रोक दिया गया था, लेकिन अब चार दिन के बाद यात्रा को फिर से शुरू कर दिया गया है।
मनोज सिन्हा ने वरिष्ठ अधिकारियों, पुलिस और श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड के सदस्यों के साथ रविवार को समीक्षा बैठक की थी। इस दौरान नेशनल हाईवे पर श्रद्धालुओं के लिए तैयारियों की भी समीक्षा की गई, जहां बारिश की वजह से यात्रा प्रभावित हुई थी।
बैठक के बाद आधिकारिक बयान में कहा गया है कि बैठक में सेक्रेटरी, पब्लिक वर्क ने एलजी को बताया कि पंथ्याल रामबन में जो भी रास्ता क्षतिग्रस्त हुआ था उसे युद्ध स्तर पर सही कराया जा रहा है। बैठक में एलजी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क के मेंटेनेंस के लिए जरूरी सामान और लोगों को अहम जगहों पर तैनात किया जाए ताकि समय पर सड़क बिगड़े तो उसे सही किया जा सके।
इसके साथ ही बैठक में दूसरे वैकल्पिक रास्तों मुगल रोड के इस्तेमाल पर भी चर्चा की गई, ट्रैफिक को कैसे संभाला जाए इसपर चर्चा हुई। एलजी ने कहा कि जम्मू कश्मीर प्रशासन केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्रालय और राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ मिलकर टूटी सड़कों को सही करने का काम कर रहा है। अमरनाथ श्रद्धालुओं को और लोगो को मौसम के बारे में जानकारी दी गई है।
एलजी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि श्रद्धालुओं को जलभराव में हर संभव मदद की जाए, खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाए, मेडिकल सुविधाओं को बढ़ाया जाए और कैंप का पूरा इस्तेमाल किया जाए।












Click it and Unblock the Notifications