कश्मीर: LoC के पास बसे गांव में पहुंचे अक्षय कुमार, जवानों के साथ किया डांस
जम्मू, 17 जून: बॉलीवुड के 'खिलाड़ी' अक्षय कुमार सेना और अर्धसैनिक बलों के जवानों से काफी प्यार करते हैं। साथ ही वो उनके लिए तरह-तरह के अभियान भी चलाते रहते हैं। गुरुवार को अक्षय कश्मीर घाटी के दौरे पर पहुंचे। इसके बाद वो उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले के तुलैल इलाके गए, जो गुरेज घाटी में नियंत्रण रेखा के पास मौजूद है। अपने फेवरेट हीरो को देखकर जवान और स्थानीय लोग काफी खुश नजर आए। साथ ही उनके साथ फोटो खिंचवाने की होड़ मची रही।

जानकारी के मुताबिक अक्षय दोपहर 12 बजे के करीब तुलैल के नीरू गांव पहुंचे। वहां पर सेना और बीएसएफ जवानों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जिसमें अक्षय ने जवानों से खुलकर बात की। साथ ही स्थानीय लोगों और जवानों के साथ डांस भी किया। इसके बाद उन्होंने आसपास के इलाकों का देखा। नीरू गांव में ही स्कूल निर्माण के लिए अक्षय ने एक करोड़ रुपये दिए थे। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही उसका निर्माण पूरा हो जाएगा, जिससे बच्चे आराम से अपनी पढ़ाई घर के पास ही पूरी कर लिया करेंगे।
अपने दौरे से जुड़ी एक तस्वीर भी अक्षय ने फेसबुक पर पोस्ट की है, जिसमें वो हेलीकॉप्टर के पास जवानों के साथ नजर आ रहे। अक्षय ने लिखा कि भारतीय सीमा की सुरक्षा कर रहे बीएसएफ जवानों के साथ एक यादगार दिन बिताया। यहां आना हमेशा एक सुखद अनुभव होता है...असली नायकों से मिलना️, मेरे दिल में उनके प्रति काफी सम्मान भरा है।
वहीं बीएसएफ की कश्मीर यूनिट ने ट्वीट कर लिखा कि देश आजादी के 75वें साल में प्रवेश कर रहा है। अक्षय कुमार एक बार फिर सीमा की रखवाली करने वाले बहादुरों से मिलने आए। इसके साथ बीएसएफ ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें अक्षय का हेलीकॉप्टर फॉरवर्ड लोकेशन पर लैंड कर रहा। साथ ही बीएसएफ के अधिकारी उनका स्वागत कर रहे।












Click it and Unblock the Notifications