चुनाव पास आते ही कश्मीर घाटी में आतंकी सक्रिय, IED हमले की बड़ी साजिश नाकाम
जम्मू, 20 जुलाई: साल 2019 में मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 खत्म कर दिया था। इसके बाद भारतीय सेना ने वहां पर आतंकियों के खिलाफ बड़ा ऑपरेशन चलाया। जिसमें कई आतंकी सरगना मारे गए। ऐसे में अब धीरे-धीरे कश्मीर घाटी में शांति स्थापित हो रही है। साथ ही चुनाव आयोग वहां पर विधानसभा चुनाव करवाने की तैयारी कर रहा, लेकिन ये बात आतंकियों को रास नहीं आ रही। सोमवार को आतंकियों ने एक बड़े हमले को अंजाम देने की कोशिश की, जिसे भारतीय सेना ने नाकाम कर दिया।

जानकारी के मुताबिक श्रीनगर के बाहरी इलाके तंगपुरा बांध के पास सेना की टुकड़ी गश्त कर रही थी। इसी दौरान डॉग स्क्वायड ने संदिग्ध चीज बरामद की। जांच में पता चला कि वो IED विस्फोटक है, जिसकी मात्रा 30 किलोग्राम थी। बाद में सेना के बम निरोधक दस्ते ने उसे डिफ्यूज कर दिया। रक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक जम्मू-कश्मीर में आने वाले दिनों में चुनाव होंगे, जिस वजह से वहां पर आतंकी गतिविधियां और ज्यादा बढ़ सकती हैं।
वहीं रविवार को जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में सेना और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। जिसमें लश्कर के एक टॉप कमांडर समेत दो आतंकी मारे गए। जम्मू-कश्मीर के आईजीपी विजय कुमार के मुताबिक लश्कर कमांडर, जिसे एनकाउंटर में ढेर किया गया है, उसकी पहचान इशफाक दार ऊर्फ अबू अकरम के तौर पर हुई है। वो घाटी में 2017 से ही सक्रिय था। कश्मीर घाटी में आतंकियों की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए सुरक्षाबल के जवान सतर्क हैं, जिस वजह से इन दिनों कई मुठभेड़ की घटनाएं सामने आ रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications