बर्थडे पार्टी के दौरान हर्ष फायरिंग में गोली लगने से बच्चे की गई जान
Jalaun news, जालौन। यूपी के जालौन में बर्थडे पार्टी में हंसी-खुशी का माहौल अचानक मातम में तब्दील हो गया जहां हर्ष फायरिंग के दौरान निकली एक गोली 8 साल के मासूम को लग गई जिससे मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलावस्था में उसे आनन-फानन में इलाज के लिये जिला अस्पताल लाया गया लेकिन हालात देख उसे मेडिकल कालेज झांसी रेफर कर दिया, जहां उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।

खुशी का माहौल मातम में बदला
मामला डकोर कोतवाली क्षेत्र के जैसारी कला गांव की है। जहां मंगलवार की देर रात को दिनेश राजपूत के घर पर उनके बच्चे का जन्मदिन समारोह मनाया जा रहा था। इस समारोह को घर परिवार के लोग हंसी-खुशी से मना रहे थे। उसी दौरान समारोह में शामिल होने आटा का रहने वाला लालू भी पहुंचा था जो गांव में ही ठेके पर काम करता था। उसने अवैध तमंचे से फायर करना शुरू कर दिया।

गोली लगने से मची चीख-पुकार
इस दौरान एक गोली पास खड़े गोलू उर्फ जय (8) पुत्र धर्मराज के सिर पर जा लगी जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। जिसे देख महिलाओं में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में घरवाले गोलू को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां से हालत नाजुक देख उसे झांसी रेफर कर दिया गया। लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। परिजन उसे लेकर घर पहुंचे। घटना की सूचना मिलते ही डकोर पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

बच्ची की मौत के बाद गिरफ्तार
मृतक बच्चे के दादा भगवान दास ने बताया कि फायरिंग करने वाला शराब के नशे में था और वह लगातार फायरिंग कर रहा था जिससे उसके नाती को गोली लगी और मौत हो गई। जालौन के एसपी डाक्टर अरविंद चतुर्वेदी ने बताया कि घटना में फायरिंग करने वाले लालू को तमंचे सहित गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुये मुकदमा लिख लिया है।












Click it and Unblock the Notifications