क्या सचिन पायलट बनेंगे राजस्थान के CM, एक माह में सोनिया गांधी से तीन बार मुलाकात के मायने?
जयपुर, 28 अप्रैल। राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में फिलहाल सालभर का वक्त है, मगर राजनीति की बिसात पर चालें अभी से शुरू हो गई हैं। राजस्थान में सीएम बदलने तक की चर्चाएं सियासी गलियारों में खूब हो रही हैं। इन चर्चाओं को हवा सचिन पायलट के दिल्ली के दौरे और 13 मई से उदयपुर में प्रस्तावित चिंतन शिविर से भी मिल रही हैं।

मुख्यमंत्री बदलने की अटकलें खारिज
इसी अप्रैल में सचिन पायलट तीन बार सोनिया गांधी से मिल चुके हैं। ऐसे में सियासी गलियारों में विधानसभा चुनाव 2023 से पहले राजस्थान मुख्यमंत्री बदलने समेत कई बड़े बदलावों को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने राजस्थान का मुख्यमंत्री बदलने की अटकलों को खारिज किया है।
कांग्रेस का चिंतन शिविर 13 मई से
बता कि कांग्रेस 13 मई से 15 मई तक उदयपुर में चिंतन शिविर का आयोजन कर रही है, जिसमें एग्रीकल्चर, पॉलिटिक्स समेत कई प्रस्ताव रखे जाएंगे। हालांकि, पार्टी के अंदरखाने इस बात की चर्चा खूब है कि बैठक में कोई बड़ा फैसला हो सकता है।
18 विधायकों के साथ की बगावत
राजस्थान के डिप्टी सीएम रहे सचिन पायलट और मौजूदा सीएम अशोक खेमे के बीच खींचतान किसी से छुपी नहीं है। साल 2020 में सचिन पायलट अपने 18 समर्थक विधायकों के साथ हरियाणा के एक होटल में डेरा डाल लिया था। इससे राजस्थान की गहलोत सरकार पर सियासी संकट आ गया था।
पायलट को डिप्टी सीएम पद गंवाना पड़ा
बाद में मामला आलाकमान के बाद निपटा। अशोक गहलोत की सरकार बची रही, मगर सचिन पायलट को डिप्टी सीएम और पीसीसी चीफ का पद गंवाना पड़ा था। तभी से सचिन पायलट और अशोक गहलोत खेमा एक-दूसरे को अंदर खाने नुकसान पहुंचाने में लगा रहा।
मेरी भूमिका पर हाईकमान को फैसला करना है-पायलट
इधर, अप्रैल 2022 में ही सचिन पायलट तीन बार सोनिया गांधी से मिल चुके हैं। हाल ही 21 अप्रैल की मुलाकात के बाद सचिन पायलट ने कहा कि 'दो साल पहले AICC की बनाई कमेटी ने कई कदम उठाए हैं, उसी दिशा में आगे काम करना है। राज्य में 2023 में होने वाले चुनाव में सरकार बनाना लक्ष्य है। मेरी भूमिका पर हाईकमान को फैसला करना है।'
सोनिया गांधी के पास मेरा स्थायी इस्तीफा-गहलोत
इधर, सचिन पायलट की सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद सीएम बदलने की चर्चाओं के बीच खुद अशोक गहलोत का भी बयान आया। उन्होंने कहा कि 'मैं जब से मुख्यमंत्री बना हूं, तब से अपना परमानेंट इस्तीफा सोनिया गांधी के पास रख दिया है। जब मुख्यमंत्री बदलना होगा, तो किसी को कानों-कान खबर तक नहीं होगी।'












Click it and Unblock the Notifications