सौतेले पिता ने शादी के नाम पर बेटी को 3 लाख में बेचा, गर्भवती नहीं हुई तो किया यह सलूक
जयपुर, 16 सितंबर। राजस्थान के धौलपुर में एक सौतेले पिता द्वारा 14 साल की किशोरी को विवाह के नाम पर 40 साल के व्यक्ति को बेचने का मामला सामने आया है। अधेड़ ने किशोरी से शादी कर 9 महीने तक बंधक बनाए रखा। इस दौरान जब किशोरी गर्भवती नहीं हुई तो उसके साथ मारपीट की गई। ससुराल वालों से प्रताड़ित होकर किशोरी 2 दिन पहले घर से भागकर जयपुर आ गई। यहां किशोरी ने बचपन बचाओ आंदोलन संस्था के सामाजिक कार्यकर्ताओं को पार्क में बैठी मिल गई। संस्था की परियोजना अधिकारी बच्ची को लेकर जवाहर सर्किल थाने पहुंची और मामला दर्ज कराया।

गर्भवती नहीं हुई तो मारपीट की
किशोरी ने पुलिस को बताया कि उसकी मां ने दूसरी शादी कर ली और वे सौतेले पिता के साथ रहने लगे। सौतेले पिता ने किशोरी को 3 लाख रुपए में धौलपुर के ही 40 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति को बेच दिया। उससे दुगनी उम्र के व्यक्ति ने 11 दिसंबर 2021 को उससे शादी कर ली। जब किशोरी गर्भवती नहीं हुई तो आरोपी पति उससे मारपीट करने लगा। उसके इनकार करने पर भी उससे संबंध बनाता था। उससे घर का पूरा काम करवाने के बावजूद ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा उसे प्रताड़ित किया जाता था। इससे परेशान होकर किशोरी ने आत्महत्या करने की सोची लेकिन वह डर गई और घर से निकल कर जयपुर आ गई।

पार्क में बैठी मिली किशोरी
बचपन बचाओ आंदोलन संस्था की जया शशि शर्मा और पार्वती कंवर को किशोरी जवाहर सर्किल के पास पार्क में बैठी मिली। किशोरी को परेशान देखकर उन्होंने उससे बातचीत की तो सारी हकीकत सामने आई। इस पर संस्था की सहायक परियोजना अधिकारी जया शशि किशोरी को लेकर जवाहर सर्किल थाने पहुंची और मामला दर्ज कराया। थानाधिकारी राधारमण गुप्ता के मुताबिक किशोरी धौलपुर की निवासी है। उसकी शादी धौलपुर के व्यक्ति से हुई है। पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर धौलपुर के संबंधित थाने में जांच के लिए भिजवा दी है। फिलहाल किशोरी को बालिका गृह में रखवाया गया है।













Click it and Unblock the Notifications