Rajasthan में आरसीए चुनाव में वैभव के सामने उनके ही जिलाध्यक्ष ने ठोकी ताल, जानिए पूरा मामला
राजस्थान में आरसीए के चुनाव 24 दिसंबर को होने हैं। वैभव गहलोत ने नामांकन दाखिल कर दिया है। वैभव के सामने उनके ही जिला संघ के सचिव गिर्राज सनाढ्य के नामांकन दाखिल करने से वैभव की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

Rajasthan में आरसीए की चुनावी रणनीति में वैभव गहलोत के सामने मुश्किलें खड़ी हो गई है। मुख्यमंत्री के बेटे वैभव गहलोत के समक्ष उन्हीं के जिला संघ सचिव गिर्राज सनाढ्य ने अध्यक्ष पद पर ताल ठोक दी है। वहीं आरसीए के विरोधी गुट के सदस्य सनाढ्य के प्रस्तावक बने हैं। आरसीए चुनाव में मंगलवार को नामांकन दाखिल किया गया। चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए वैभव गहलोत ने नामांकन भरा। शुभ मुहूर्त देखकर वैभव बेटी कश्विनी के साथ आरसीए एकेडमी में नामांकन दाखिल किया। वैभव ग्रुप से उपाध्यक्ष पद पर रतन सिंह, सचिव पद पर भवानी सामोता, संयुक्त सचिव पद पर राजेश भड़ाना, एग्जीक्यूटिव पद पर फारुख मोहम्मद, कोषाध्यक्ष पद पर रामपाल शर्मा ने नामांकन दाखिल किया। राजेंद्र सिंह नांदू खेमे से अध्यक्ष पद पर मुकेश शाह, उपाध्यक्ष पद पर मुख्य सचिव पद पर आरएस नांदू, कोषाध्यक्ष विनोद सारण, एग्जीक्यूटिव मेंबर अरुण सिंह और संयुक्त सचिव पद पर शत्रुघ्न तिवाड़ी ने नामांकन भरा। राजसमंद जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव गिरिराज सनाढ्य ने भी अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया है।

वैभव ने बताया जीत के बाद का टारगेट
वैभव गहलोत ने नामांकन करने के बाद विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी का धन्यवाद करते हुए कहा कि हमने पिछले दिनों राजस्थान क्रिकेट प्रेमियों के लिए अच्छा काम किया है। हमने आईपीएल मैचों को शुरू करवाया। वहीं जोधपुर के बरकतुल्लाह खान स्टेडियम और जयपुर के दिल्ली रोड स्थित स्टेडियम का काम करवाया। वैभव गहलोत ने कहा आगे भी हम राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के लिए काम करते रहेंगे। ताकि यहां खिलाड़ियों को भी आगे जाने का मौका मिले।

क्रिकेट में कांग्रेसीकरण के आरोप
डूंगरपुर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव बल्लभ को लेकर राजेंद्र सिंह नांदू ने आरोप लगाया कि राजस्थान क्रिकेट में कांग्रेसीकरण किया जा रहा है। आरसीए से लेकर जिला संघ में कांग्रेसियों को लिया जा रहा है। इस मामले में वैभव गहलोत ने कहा कि गौरव बल्लभ के बारे में मुझे पहले कोई जानकारी नहीं थी। क्रिकेट में कोई भी शामिल हो सकता है।

आरसीए के लिए 24 को होगा मतदान
आरसीए के चुनाव 24 दिसंबर को होंगे। 23 दिसंबर सुबह 11 से शाम 5 बजे तक नाम वापस ले सकेंगे। 24 दिसंबर को दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक वोटिंग होगी। इसी दिन वोटिंग के बाद मतगणना होगी। आरसीए चुनाव में अध्यक्ष पद पर वैभव गहलोत की ताजपोशी तय मानी जा रही है। आपको बता दें आरसीए की कार्यकारिणी में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष, संयुक्त सचिव और कार्यकारिणी सदस्य के कुल 6 पदों के लिए चुनाव होंगे।












Click it and Unblock the Notifications