Rajasthan News: उदयपुर में बोले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, कहा- "अशोक गहलोत का लक्ष्य वैभव को सीएम बनाना"
Rajasthan News: राजस्थान में 4 महीने बाद विधानसभा चुनाव होने हैं। भाजपा के केंद्रीय नेता प्रदेश में सक्रिय हो गए हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को उदयपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए गहलोत सरकार पर जमकर हमला बोला है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बिना मतलब इस उम्र में इधर-उधर घूम रहे हैं। कोई इस सभा का वीडियो उन्हें भेज दें पता चल जाएगा कि उनकी सरकार के जाने का समय हो गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का लक्ष्य अपने बेटे वैभव को मुख्यमंत्री बनाना है। विपक्ष के तमाम नेता इसी काम में लगे हुए हैं। अमित शाह ने आगे कहा कि उदयपुर में कन्हैया लाल के हत्याकांड पर भी अशोक गहलोत राजनीति कर रहे हैं। गहलोत हत्यारों को तो पकड़ना भी नहीं चाहते थे। यह एएनआई ने पकड़ा और गहलोत झूठ बोलते हैं कि कार्रवाई नहीं हुई। मैं डंके की चोट के साथ कहता हूं कि स्पेशल कोर्ट में सुनवाई की होती तो हत्यारे फांसी पर लटक चुके होते। यही नहीं जयपुर ब्लास्ट के आरोपियों की सुनवाई के लिए भी गहलोत सरकार के एडवोकेट जनरल के पास समय नहीं था।
आदिवासियों के उत्थान के लिए काम कर रही केंद्र सरकार
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि 10 साल में यूपीए सरकार ने आदिवासी बच्चों को पढ़ाने के लिए सिर्फ 90 स्कूल खोले थे। भाजपा ने 500 से ज्यादा स्कूल बनाए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार आदिवासियों के उत्थान के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। जनजाति मंत्रालय का बजट पहले 1000 करोड़ था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे बढ़ाकर 15 हजार करोड़ कर दिया है। अटल बिहारी वाजपेयी ने ही जनजाति मंत्रालय बनाया और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री भैरों सिंह शेखावत ने आदिवासियों का आरक्षण बढ़ाया। अमित शाह ने आगे कहा कि विपक्ष के लोग इकट्ठा होकर राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना चाहते हैं। यदि मोदी फिर से प्रधानमंत्री बनते हैं तो भ्रष्टाचारी जेल की सलाखों के पीछे होंगे। विपक्ष की 21 पार्टियों का लक्ष्य अपने बेटों का भविष्य बनाना है। सोनिया गांधी का लक्ष्य राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना है। लालू यादव का लक्ष्य बेटे तेजस्वी को सीएम बनाना। ममता बनर्जी का लक्ष्य भतीजे अभिषेक को सीएम बनाना और अशोक गहलोत का लक्ष्य वैभव को सीएम बनाना है।

शाह के दखल पर हुआ वसुंधरा राजे का भाषण
जनसभा के दौरान नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने अमित शाह को भाषण के लिए बुलाया तो उन्होंने इशारा कर वसुंधरा राजे को बोलने के लिए कहा। अमित शाह के कहने पर वसुंधरा राजे ने भाषण दिया। वसुंधरा राजे को भाषण देने के लिए अमित शाह के दखल के बाद बुलाए जाने की सियासी गलियारों में चर्चा शुरू हो गई है। सियासी गलियारों में इसके मायने निकाले जा रहे हैं। जनसभा को संबोधित करते हुए वसुंधरा राजे ने कहा कि गहलोत सरकार पूरे 5 साल अपना खुद का उत्थान करने में लगी है। उनके मंत्री खुद मंच से यह बात कहते हैं कि सरकार ने भ्रष्टाचार का रिकॉर्ड कायम किया है। वसुंधरा राजे ने आगे कहा कि आने वाले चुनाव में हम निश्चित रूप से चुनाव जीतेंगे। लेकिन कार्यकर्ता अति आत्मविश्वास में नहीं आएं।
शाह ने की पीएम मोदी की तारीफ
अपने संबोधन के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी-7 में गए तो कोई उनके ऑटोग्राफ ले रहा था। कोई उनके पैर छू रहा था। पीएम मोदी जहां जाते हैं। वहां उनके नाम के नारे लगते हैं। विश्व में पीएम मोदी को मिल रहा है यह सम्मान मोदी या भाजपा का नहीं मेवाड़, राजस्थान और देश के लोगों का सम्मान है।












Click it and Unblock the Notifications