Rajasthan News : सूडान से मुंबई पहुँचे प्रवासी राजस्थानी कन्हैयालाल, सीएम गहलोत का जताया आभार
अफ्रीकी देश सूडान में आंतरिक संकट के चलते भारतीय नागरिकों का अपने वतन लौटना जारी है। बुधवार को सुबह 10 बजकर 10 मिनट पर जेद्दा से इंडिगो की फ्लाइट 6E8595 मुंबई पहुँची।

Rajasthan News : अफ्रीकी देश सूडान में उत्पन्न आंतरिक संकट के कारण भारतीय नागरिकों का अपने वतन लौटना जारी है। बुधवार सुबह 10 बजकर 10 मिनट पर जेद्दा से इंडिगो की फ़्लाइट 6E8595 मुंबई पहुँची। इस फ़्लाइट में राजस्थान के दौसा जिले के मूल निवासी कन्हैयालाल मीणा मुंबई पहुंचे। उन्होंने सूडान से सकुशल वापसी के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि गहलोत ने प्रवासी राजस्थानियों को मुंबई एयरपोर्ट पर रिसीव कर सकुशल उनकेे घर पहुंचाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। राज्य की अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं मुख्य आवासीय आयुक्त शुभ्रा सिंह व राजस्थान फाउंडेशन के आयुक्त धीरज श्रीवास्तव के निर्देशन में हेल्प डेस्क की टीमों द्वारा 24 घंटे एयरपोर्ट पर मौजूद रहकर सूडान से लौट रहे राजस्थानी नागरिकों को फ्लाइट, ट्रेन एवं टैक्सी से उनके घर पर निशुल्क भिजवाया जा रहा है। साथ ही उनके भोजन,पानी एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के लिये भी तमाम आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
भारतीय नागरिकों के पलायन का दौर जारी
कन्हैयालाल ने बताया कि सूडान में आंतरिक संघर्ष के कारण वहां से भारतीय नागरिकों का पलायन शुरू हुआ। वे पोर्ट सूडान की एक शुगर मिल में कार्यरत थे। छह दिन की लगातार यात्रा के बाद अपने देश पहुंचने की ख़ुशी उनकी आंखों से झलक रही थी। अपनी पत्नी से तीन दिन बाद फोन पर बात करते हुए उन्होंने बार-बार मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का धन्यवाद व्यक्त किया। मीणा को मुंबई से फ्लाइट द्वारा जयपुर तथा जयपुर से उनके गृह जिले दौसा भेजा जाएगा। मुंबई एयरपोर्ट पर राजस्थान भवन के उप महाप्रबंधक मनोज तिवारी, जनसंपर्क अधिकारी ऋतु सोढ़ी तथा अन्य कार्मिकों ने उन्हें रिसीव किया।












Click it and Unblock the Notifications