Rajasthan News: गजेंद्र सिंह शेखावत ने वसुंधरा सरकार के भ्रष्टाचार पर पायलट की मांग का किया समर्थन, जानिए वजह
राजस्थान में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने वसुंधरा राजे सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच की सचिन पायलट की मांग का समर्थन कर नया विवाद खड़ा कर दिया है। शेखावत का यह वीडियो वायरल हो रहा है।

Rajasthan News: केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राजस्थान की पूर्ववर्ती वसुंधरा राजे सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच की सचिन पायलट की मांग का समर्थन कर नया विवाद खड़ा कर दिया है। केंद्रीय मंत्री शेखावत एक वीडियो में कह रहे हैं कि यदि कोई भ्रष्टाचार में शामिल है तो उसकी जांच होनी चाहिए। लेकिन वह बिना राजनीतिक हस्तक्षेप के होनी चाहिए। शेखावत ने एक निष्पक्ष जांच की मांग पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि यह जांच राजनीतिक प्रेरणाओं से प्रेरित नहीं हो। गजेंद्र सिंह शेखावत का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
चुनावी साल में नेताओं की बयानबाजी का सिलसिला तेज
राजस्थान में चुनावी साल में नेताओं के बीच बयानबाजी का सिलसिला तेज हो गया है। ऐसे में गजेंद्र सिंह शेखावत के इस बयान से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी निशाने पर हैं। राजनीति के जानकारों की माने तो प्रदेश की राजनीति विधानसभा चुनाव से पहले ऐसे दौर से गुजर रही है। जहां भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के प्रमुख नेता अपनी पार्टियों के नेताओं पर विपक्ष के साथ मिलीभगत का खुलकर आरोप लगा रहे हैं। आपको बता दें प्रदेश भाजपा में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित प्रदेश में अनेक मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं। गजेंद्र सिंह शेखावत भी प्रदेश में मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार हैं।
सीएम गहलोत का शेखावत पायलट पर मिलीभगत का आरोप
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कई मौकों पर पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट पर निशाना साधते रहे हैं। इस दौरान साल 2020 में सरकार गिराने के षड्यंत्र की ओर इशारा करते हुए सचिन पायलट और गजेंद्र सिंह शेखावत पर मिलीभगत के आरोप भी लगाते रहे हैं। पिछले दिनों शेखावत के गृह जिले जोधपुर में इस संबंध में एक होर्डिंग भी लगाया गया था। इसमें कहा गया था कि सचिन पायलट आखिर संजीवनी घोटाले पर क्यों नहीं बोलते हैं।
वसुंधरा राजे और शेखावत के बीच है पुरानी तकरार
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह के बीच मुख्यमंत्री पद को लेकर अंतर्कलह है। राजनीति के जानकारों की माने तो साल 2018 में अशोक परनामी को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद अमित शाह ने गजेंद्र सिंह शेखावत को राजस्थान का भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनाना चाहा। लेकिन उस समय वसुंधरा राजे ने उनके नामांकन पर वीटो लगा दिया था। जिसके फलस्वरूप चुनावी साल में ढाई महीने तक अध्यक्ष पद खाली रहा। बाद में मदन लाल सैनी को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया। आपको बता दें भाजपा में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार हैं।












Click it and Unblock the Notifications