Rajasthan News : सीएम गहलोत ने दिया रोडवेजकर्मियों को तोहफा, आरएसआरटीसी में ओपीएस लागू
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा राजस्थान रोडवेज के कर्मचारियों को ओपीएस बहाली का लाभ दिया है। गहलोत सरकार ने रोडवेज के कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन स्कीम का विकल्प भरने का एक बार दोबारा मौका दिया है।

Rajasthan News : राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा राजस्थान रोडवेज के कर्मचारियों को ओपीएस बहाल का लाभ दिया गया है। सरकार ने रोडवेज के कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन स्कीम का विकल्प भरने का एक बार दोबारा मौका दिया है। इस संबंध में रोडवेज के एमडी ने एक आदेश जारी कर 30 जून तक विकल्प भरकर लेने के लिए कहा है। सरकार के इस फैसले से करीब 6000 कर्मचारियों को फायदा मिलेगा। सरकार के इस फैसले पर आरएसआरटीसी ऑफिसर्स एसोसिएशन ने खुशी जाहिर की है। रोडवेज के एमडी नथमल डिडेल की ओर से जारी किए गए आदेशों के तहत यह विकल्प केवल एक बार में भरकर 30 जून तक देना होगा। इसके बाद कर्मचारियों को दोबारा मौका नहीं मिलेगा। इसके साथ ही जो कर्मचारी रोडवेज से रिटायर हो चुके हैं और जिन्होंने पहले ओपीएस का विकल्प नहीं चुना था। उनको भी एक बार दोबारा ओपीएस चुनने का विकल्प दिया गया है।
वनटाइम पैसा लेने वालों को माननी होगी यह शर्त
रोडवेज के सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने ओपीएस की जगह वनटाइम पैसा लेने का विकल्प चुना था। उन कर्मचारियों को ओपीएस का लाभ एक ही शर्त पर मिलेगा। ऐसे सेवानिवृत्त कर्मचारी जिन्होंने कंट्रीब्यूशन पेंशन फंड के तहत जमा तमाम राशि उठा ली है। उस राशि में से राज्य सरकार की ओर से भरी गई अंश राशि को 12 फीसदी की ब्याज सहित एक मुस्त लौटाना होगा। एकमुश्त राशि जमा करवाने पर ऐसे कर्मचारियों को पेंशन का लाभ 1 अप्रैल 2023 से मिलेगा। आपको बता दें कि पूर्व में जिन कर्मचारियों ने ओपीएस नहीं चुना था। उनको सीपीएफ के तहत जमा राशि रिटायरमेंट पर एकमुश्त ब्याज सहित जाती है। इस सिस्टम के तहत 12 फीसदी राशि कर्मचारी की सैलरी से काटकर जमा करवाई जाती है। जबकि 12 फीसदी राशि सरकार या संबंधित एजेंसी जमा करवाता है।
एमडी और रोडवेज प्रबंधन का जताया आभार
रोडवेज के वर्तमान और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को ओपीएस का विकल्प देने की मांग आरएसआरटीसी ऑफिसर एसोसिएशन की ओर से लंबे समय से की जा रही थी। इस संबंध में जब रोडवेज एमडी की ओर से आदेश जारी किए तो एसोसिएशन से जुड़े पदाधिकारियों ने इस पर खुशी जाहिर करते हुए रोडवेज एमडी और प्रबंधन का आभार जताया है।












Click it and Unblock the Notifications