मास्टर भंवरलाल मेघवाल : राजस्थान के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री को ब्रेन हेमरेज, SMS अस्पताल में भर्ती
जयपुर। राजस्थान के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री मास्टर भंवरलाल मेघवाल की बुधवार शाम को तबीयत बिगड़ गई। 71 वर्षीय मंत्री मेघवाल को सवाई मानसिंह अस्पताल जयपुर में भर्ती करवाया गया है। यहां आईसीयू में उनका इलाज चल रहा है। केबिनेट मंत्री मास्टर भंवरलाल मेघवाल की तबीयत नाजुक होने की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मास्टर भंवरलाल मेघवाल की बेटी बनारसी मेघवाल से बातचीत की।

साकेत अस्पताल से एसएमएस रैफर
मेघवाल की तबीयत बिगड़ने की पुख्ता जानकारी तो सामने नहीं आई है, मगर मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो बुधवार रात को मास्टर भंवरलाल मेघवाल अपने आवास पर थे। इस दौरान वे चक्कर खाकर गिर पड़े। उनकी बेटी बनारसी व अन्य परिजनों ने तत्काल मास्टर भंवरलाल को मानसरोवर में साकेत अस्पताल पहुंचाया। वहां चैकअप के बाद भंवरलाल को एसएमएस अस्पताल के लिए रैफर कर दिया गया। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि मास्टर भंवरलाल ब्रेन हेमरेज होने से शरीर के दाहिने हिस्से में पैरालिसिस अटैक आया है।

चिकित्सा मंत्री भी पहुंचे अस्पताल
इधर, परिजनों से बात करने के बाद मुख्यमंत्री गहलोत ने चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा से फोन पर बात की। तब डॉ. रघु शर्मा तत्काल एसएमएस अस्पताल पहुंचे। इसके कुछ देर बाद ही उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास व पर्यटन मंत्री विश्वेंद्र सिंह भी अस्पताल पहुंच गए।

ये डॉक्टर कर रहे मेघवाल का उपचार
चिकित्सा मंंत्री व पर्यटन मंत्री ने मास्टर भंवरलाल मेघवाल की बेटी और वहां मौजूद वरिष्ठ डॉक्टर्स से बातचीत कर केबिनेट मंत्री मास्टर भंवरलाल का हाल जाना। फिलहाल एसएमएस अस्पताल के अधीक्षक डॉ. राजेश शर्मा व मेडिकल कॉलेज प्रिंसीपल डॉ. सुधीर भंडारी के निर्देशन में डॉक्टरों की टीम मेघवाल के उपचार में जुटी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications