राजस्थान: गहलोत सरकार द्वारा कृषि यंत्रों पर अनुदान से किसानों को मिल रहा लाभ, 43 हजार किसान लाभांवित
राजस्थान में गहलोत सरकार द्वारा राजस्थान कृषि तकनीकी मिशन के तहत किसानों को कृषि से जुड़े यंत्र खरीदने पर अनुदान दिया जा रहा है। इस कदम से कृषि का काम आसान हो रहा है।
राजस्थान में गहलोत सरकार द्वारा राजस्थान कृषि तकनीकी मिशन के तहत किसानों को कृषि से जुड़े यंत्र खरीदने पर अनुदान दिया जा रहा है। इस कदम से कृषि का काम आसान हो रहा है। साथ ही किसानों पर आर्थिक भार नहीं पड़ रहा है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कृषि राज्य बजट 2023-24 में एक लाख किसानों को कृषि यंत्रों के क्रय पर 250 करोड़ रुपए का अनुदान देने की घोषणा की है। कृषि आयुक्त कानाराम ने बताया कि राजस्थान कृषि तकनीक मिशन के तहत गत 4 वर्षों में 43,396 किसानों को कृषि यंत्रों के क्रय पर अनुदान देकर लाभान्वित किया गया है। इन किसानों को 91.44 करोड़ रुपए का अनुदान दिया गया है। राज्य सरकार की इस योजना के अंतर्गत पावर टिलर्स, स्वचालित यंत्र, विशिष्टिकृत स्वचालित यंत्रों पर अनुदान दिया जा रहा है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, लघु, सीमांत एवं महिला किसानों को कृषि यंत्र के क्रय पर राज्य सरकार द्वारा लागत राशि का 50 प्रतिशत तक का अनुदान देय है। अन्य किसानों के लिए लागत का 40 प्रतिशत तक का अनुदान दिया जा रहा है। किसान कृषि यंत्रों पर अनुदान का लाभ लेने के लिए राज किसान साथी पोर्टल पर जन आधार कार्ड के माध्यम से आवश्यक दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन कर सकते है।













Click it and Unblock the Notifications