Pinki Meena RAS : जानिए कौन हैं ये SDM पिंकी मीणा जो जेल से आकर 'जज' से रचा रही शादी, 7 फेरों के बाद वापसी
जज से शादी रचाने जेल से लौटीं 10 लाख की घूस की आरोपी SDM पिंकी मीणा, 7 फेरों के बाद वापसी
दौसा। राजस्थान में दस लाख की घूस की आरोपी महिला उपखंड अधिकारी पिंकी मीणा फिर चर्चा में है। अब ये जज से शादी रचाने वाली हैं। खास बात है कि शादी के लिए जेल से घर आएंगी और सात फेरों के कुछ दिन बाद इन्हें सरेंडर करना होगा। तब दुबारा जेल भेजा सकता है। राजस्थान में संभवतया यह पहला मामला जब कोई महिला एसडीएम को शादी करने के लिए अंतरिम जमानत पर आई हो।

बांदीकुई एसडीएम थीं पिंकी मीणा
जानकारी के अनुसार दौसा जिले में हाईवे निर्माण कार्य से जुड़ी कंपनी से दस लाख रुपए की रिश्वत मांगने के मामले में पकड़ी गई बांदीकुई उपखंड अधिकारी आरएएस अधिकारी पिंकी मीणा को राजस्थान हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। हाईकोर्ट ने आरएएस अधिकारी पिंकी मीणा को अंतरिम जमानत दे दी है।

22 फरवरी को कोर्ट में फिर सुनवाई
बुधवार को आरोपी आरएएस अधिकरी पिंकी मीणा की अंतरिम जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने10 दिन की अंतरिम जमानत दी। 21 फरवरी को पिंकी मीणा को वापस कोर्ट में सरेंडर करना होगा। मामले को लेकर 22 फरवरी को फिर हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। एक तरह से शादी के लिए वे छह दिन पहले दस दिन की पैरोल पर आई हैं। विवाह के बंधन में बंधने के पांच दिन बाद कोर्ट में सरेंडर करना होगा।

16 फरवरी को एसडीएम पिंकी मीणा की शादी
बता दें कि 13 जनवरी को घूस के मामले में पकड़े जाने वाली आरएएस अधिकारी पिंकी मीणा जयपुर जिले में चौमूं के चिथवाड़ी गांव की रहने वाली हैं। किसान की बेटी हैं। सरकारी स्कूल से पढ़ाई पूरी करने वाली पिंकी मीणा ने पहली बार में ही RAS की परीक्षा क्लीयर कर ली थी, लेकिन 21 साल उम्र नहीं होने के कारण वे इंटरव्यू नहीं दे पाई थीं। इसके बाद 2016 में फिर से मेरिट के साथ परीक्षा क्लियर की। पहली पोस्टिंग टोंक में मिली थी। खबर है कि 16 फरवरी को इनकी आरजेएस अधिकारी से शादी हो रही है।

12 फरवरी को मेहंदी व हल्दी रस्म
बता दें कि SDM मीणा ने जनवरी 2021 में निचली अदालत में जमानत के लिए अर्जी दी थी, लेकिन अदालत ने जमानत देने से इनकार कर दिया था। सरकारी वकील ने जांच प्रभावित होने का हवाला देते हुए जमानत का विरोध किया था। हालांकि, आरोपी पिंकी मीणा की ओर से 16 फरवरी को शादी का हवाला देकर जमानत मांगी गई थी । याचिका में कहा गया था कि 12 फरवरी से उनकी मेहंदी और हल्दी रस्म शुरू होनी है । ऐसे में जमानत दी जाए। अब राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर बेंच के जस्टिस इंद्रजीत सिंह ने उन्हें 10 दिन की सशर्त जमानत दी है।

क्या है दौसा घूसकांड
बता दें कि दौसा जिले में एक कंपनी भारतमाला परियोजना (दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस हाइवे) का निर्माण कर रही है। कंपनी के अधिकारियों से रिश्वत मांगने के आरोप में 13 जनवरी 2021 को बांदीकुई एसडीएम रहते हुए पिंकी मीणा को दस लाख रुपए की घूस मांगने और दौसा एसडीएम पुष्कर मित्तल को पांच लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए एसीबी ने पकड़ा था। तब से आरोपी पिंकी मीणा जेल में थीं। इसी प्रकरण में दौसा एसपी रहे मनीष अग्रवाल को भी एसीबी पकड़ चुकी है। आईपीएस मनीष अग्रवाल पर कंपनी से 38 लाख की घूस लेने का आरोप है।












Click it and Unblock the Notifications