राजस्थान की दहलीज पर पहुंचा मानसून, आगामी 48 घंटे के दौरान इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
जयपुर। मानसून 2020 का बेसब्री से इंतजार कर रहे राजस्थान के लोगों के लिए अच्छी खबर है। मानसून ने राजस्थान की दहलीज पर दस्तक दे दी है। जल्द ही पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश हो सकती है। इस बीच प्रदेश के बीकानेर में मंगलवार दोपहर को बारिश हुई है। हालांकि यहां बारिश का दौर कुछ देर के लिए ही चला, लेकिन इससे सड़कें एकबारगी तरबतर हो गई।

राजस्थान के दक्षिणी द्वार यानि बांसवाड़ा और डूंगरपुर जिले के रास्ते मानसून प्रदेश में प्रवेश करने को है। यही वजह है कि मौसम विभाग जयपुर ने 24 और 25 जून के लिए प्रदेश के आधा दर्जन से भी ज्यादा जिलों में भारी व अत्यधिक बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान के दक्षिणी हिस्से की तरफ मानसून सोमवार को एक बार फिर से एक्टीव हुआ है। अब यह आगे की ओर बढ़ रहा है। मानसून इस वक्त दक्षिणी राजस्थान के बांसवाड़ा और डूंगरपुर जिले से लगते गुजरात बॉर्डर तक पहुंच गया है। मानसून मंगलवार को गुजरात के अन्य क्षेत्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ा है। फिलहाल मानसून की नोर्दन लिमिट अहमदाबाद, शाजापुर, फतेहपुर और रुद्रपयाग से गुजर रही है।
यहां हो सकती है बारिश
जयपुर मौसम विभाग ने 24 जून व 25 जून के लिए चित्तौडगढ़, राजसमंद, बांसवाड़ा, झालावाड़, बारां, उदयपुर और प्रतापगढ़ में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा डूंगरपुर, सिरोही, पाली और बाड़मेर में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications