जयपुर में ACB ने NPCC के प्रोजेक्ट मैनेजर को 1 लाख की रिश्वत लेते दबोचा, घर पर टीम की तलाशी जारी
जयपुर, 3 सितम्बर। राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो मुख्यालय के निर्देश पर जयपुर देहात इकाई द्वारा बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। राष्ट्रीय प्रोजेक्ट निर्माण निगम (एनपीसीसी), जयपुर में प्रोजेक्ट मैनेजर अमृत लाल मीणा को परिवादी से 1 लाख रुपये रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक भगवान लाल सोनी ने बताया कि ACB की जयपुर देहात इकाई को परिवादी द्वारा शिकायत दी गई। परिवादी की फर्म द्वारा किए निर्माण कार्यों के बकाया बिल क्लीयर करने की एवज में रिश्वत मांगी गई थी।
अमृत लाल मीणा द्वारा कुल बिल के 4.5 प्रतिशत कमीशन के रूप में 1 लाख रुपये रिश्वत राशि मांग कर परेशान किया जा रहा है। एसीबी जयपुर देहात इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरोत्तम लाल वर्मा के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन किया गया।
पुलिस निरीक्षक मानवेन्द्र सिंह एवं उनकी टीम द्वारा ट्रेप की कार्रवाई को अंजाम दिया गया। सवाईमाधोपुर के बामनवास के फूलवाडा निवासी अमृत लाल मीणा को परिवादी से 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।
एसीबी के अतिरिक्त महानिदेशक दिनेश एमएन के निर्देशन में आरोपी के आवास एवं अन्य ठिकानों की एसीबी टीमों द्वारा तलाशी जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications