राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगे गहलोत, पायलट और डोटासरा, प्रदेश से ये नेता बनेंगे भारत यात्री
जयपुर, 7 सितम्बर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा बुधवार से शुरू होने जा रही है। इस मौके पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित प्रदेश के कई प्रमुख नेता मौजूद रहेंगे। राहुल गांधी कन्याकुमारी से अपनी यात्रा शुरू करेंगे। राहुल की यात्रा के लिए बनाई गई 177 सदस्यों की टीम में राजस्थान से 9 नेताओं को शामिल किया गया है। प्रदेश के यह नेता राहुल गांधी के साथ कन्याकुमारी से कश्मीर तक की यात्रा में मौजूद रहेंगे। इधर राहुल गांधी की यात्रा के समर्थन में प्रदेश कांग्रेस भी 7 और 8 सितंबर को कई तरह के कार्यक्रम करेगी। प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बताया कि उदयपुर में नवसंकल्प शिविर के निर्णयों के अनुसरण में राहुल गांधी की 150 दिवसीय 3500 किलोमीटर की भारत जोड़ो पद यात्रा निकालेंगे। इस अवसर पर प्रदेश की प्रत्येक ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भारत जोड़ो पद यात्रा से संबंधित पंपलेट एवं वीडियो क्लिप का वितरण और भारत जोड़ो पदयात्रा का कन्याकुमारी से होने वाले शुभारंभ कार्यक्रम का लाइव स्ट्रीमिंग करेगी।


राजस्थान से शामिल होंगे ये भारत यात्री
कांग्रेस की भारत दोनों यात्रा में राहुल गांधी के साथ कन्याकुमारी से कश्मीर तक पदयात्रा करने वाले सभी यात्रियों को भारत यात्री का नाम दिया गया है। यात्रा में राहुल गांधी के साथ कुल 117 नेता कन्याकुमारी से कश्मीर तक पदयात्रा करेंगे राहुल के साथ राजस्थान के श्रवण कुमार गुर्जर, झाबर शेरावत, सीताराम लांबा, योगेश कुमार मीणा, रूबी खान, विवेक भटनागर, जगदीश बिश्नोई और शत्रुघ्न शर्मा यात्रा में भारत यात्री के तौर पर मौजूद रहेंगे।

जनसमूह संवाद का होगा कार्यक्रम
प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बताया कि 8 सितंबर को प्रदेश के सभी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से सवेरे 7 बजे से 10 से 15 किलोमीटर की पदयात्रा निकालने के साथ ही भारत जोड़ो पद यात्रा को लेकर छोटे-मोटे समूह में जनसंवाद किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में ब्लॉक से संबंधित सभी मुख्य कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।

राजस्थान में यात्रा को लेकर तारीख तय नहीं
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान में 21 दिन तक रहेगी। लेकिन यह कब आएगी और कितने जिलों से होकर गुजरेगी यह अभी पूरी तरह से तय नहीं हो पाया है। हालांकि पार्टी सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी की यात्रा मध्य प्रदेश से झालावाड़ के रास्ते प्रदेश में प्रवेश करेगी और भरतपुर के रास्ते से उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी। पार्टी के तय कार्यक्रम के अनुसार 7 सितंबर से शुरू होने वाली भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान के झालावाड़, कोटा, दौसा और अलवर जिले से होकर भी गुजरेगी। इस दौरान राहुल गांधी जनसभाओं को संबोधित करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications