Rajasthan के नेताओं की गूँज पहाड़ों पर, हिमाचल में प्रदेश के ये नेता स्टार प्रचारक
Gujarat Assembly Election 2022 के बाद हिमाचल प्रदेश में राजस्थान के नेताओं को स्टार प्रचारक के तौर पर बुलाया जा रहा है। पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट को कांग्रेस ने यहां चुनावी जिम्मा सौंपा हुआ है। पायलट ने रविवार को पालमपुर कांगड़ा जिले में सुल्लाह विधानसभा में कांग्रेस प्रत्याशी जगदीश सिपहिया के समर्थन में आमजन से अपील की। इस दौरान उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला पायलट ने केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी सरकार ने बैंक, हवाई अड्डा और बीमा कंपनी सब कुछ बेच दिया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी जब विपक्ष में थी चिल्लाती थी। स्वदेशी जागरण मंच कहता था हम देश बिकने नहीं देंगे। लेकिन अब मोदी सरकार ने होटल और सड़क चंद लोगों के हाथों में बेच दिया है।

भाजपा ने सांसद दिया कुमारी को उतारा मैदान में
भाजपा सांसद और प्रदेश महामंत्री दिया कुमारी भी सिरमोर जिले के नाहन पहुंचकर चुनाव प्रचार की शुरुआत कर दी है। इसी कड़ी में 8 नवंबर को चुनाव प्रचार के दौरान रैली को भी संबोधित करेंगी। कांग्रेस ने हिमाचल चुनाव में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को भी स्टार प्रचारक की सूची में शामिल किया है। लेकिन गहलोत ने वहां चुनाव प्रचार नहीं किया है।

विकास में कमी नहीं आने देगी कांग्रेस
पालमपुर जनसभा में सचिन पायलट ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए जनता कांग्रेस की सरकार बनाने का संकल्प कर चुकी है। यहां विकास में कांग्रेस कमी नहीं आने देगी। हम मिलकर काम करेंगे। पायलट ने कहा कि बीजेपी के अंदर बिखराव चल रहा है। इस दौरान पायलट ने यह भी कहा कि मोदी सरकार ने मुनाफे वाली सरकारी कंपनियों को निजी हाथों में बेच दिया है। लेकिन कांग्रेस की सोच दूसरी है। हम चाहते हैं उद्योग हो। निवेश हो और सरकार पैसा खपाए ताकि लोगों को रोजगार मिल सके।

भाजपा ने राजस्थान के नेताओं को रखा दूर
भाजपा के केंद्रीय संगठन ने प्रदेश संगठन या राजस्थान से जुड़े नेताओं को हिमाचल चुनाव से पूरी तरह दूर रखा है। हिमाचल की किसी भी सीट की जिम्मेदारी राजस्थान के किसी नेता को नहीं दी गई है। केवल राजसमंद सांसद दिया कुमारी हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में चुनाव प्रचार करेंगी। दिया कुमारी का ननिहाल हिमाचल में होने की वजह से उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications