बाबा बोला-'जुम्मे की रात को करवा दूंगा 9 करोड़ रुपए की बारिश', प्लॉट बिकवाने के बाद कहा-'प्लान कैंसिल'
जयपुर, 5 जुलाई। इसे अंधविश्वास कहें या लालच कि जुम्मे की रात को नौ करोड़ रुपए की बारिश के इंतजार में इस परिवार ने लाखों रुपए गंवा दिया। अपनी बेटी के शादी के लिए खरीदा भूखंड तक बेच डाला। मामला राजस्थान की राजधानी जयपुर का है।

नोटों की बारिश करवाने वाला सामान हुआ महंगा
मजेदार वाक्या तो उस समय हुआ जब 48 घंटे बीते जाने के बावजूद नोटों की बारिश नहीं हुई तो पीड़ित ने तांत्रिक बाबा को वीडियो कॉल किया तो बाबा का जवाब मिला कि 'बेटा सामान महंगा हो गया है, बारिश करवाने वाला इत्र मिल नहीं रहा। इसलिए अभी नोटों की बारिश कैंसिल हो गई है'

गद्दे व पर्दे का व्यापार करता है जमील
बता दें कि जयपुर का जमील खान दिल्ली रोड के रैगरों का मोहल्ला का रहने वाला है। वह गद्दे और पर्दे का व्यापार करता है। साल 2021 में जमील की मुलाकात सावन खान से हुई तो उसने उनकी दुकान से 200 गद्दे खरीदे। तब सावन खान ने जमील को बताया कि वह एक ऐसे तांत्रिक बाबा अकबर खान को जानता है जो जुम्मे को नोटों की बारिश करवाता है।

उत्तराखंड का रहने वाला है अकबर खान
अकबर खान मूलरूप से उत्तराखंड का रहने वाला है। मई 2022 में जमील ने सावन को उससे मिलवाया तो जमील ने बाबा से कहा कि 'वह अपनी बेटी की शादी इतनी धूमधाम से करना चाहता है कि समाज देखता रह जाए' इस पर बाबा ने कहा कि 'बेटे तुम चिंता मत करो, कहो तो 9 करोड़ रुपए की बारिश करवा दूं'

बाबा ने नोटों की बारिश के लिए मांगे 21 लाख रुपए
अंधविश्वास और लालच के चलते जमील खान कथित तांत्रिक बाबा अकबर खान के झांसे में आ गया। जमील के पास महज 6 लाख रुपए की जमापूंजी थी। जबकि तांत्रिक बाबा नोटों की बारिश करवाने के लिए 21 लाख रुपए मांग रहा था। ऐसे में जमील ने बेटी की शादी के लिए खरीदा प्लॉट बेचकर रुपयों का इंतजाम किया।

छह लाख रुपए बाबा को नकद दिए
इसके बाद जमील खान ने बाबा अकबर को छह लाख रुपए नकद दिए। शेष रुपए उसने बैंक खाते में भेजे। तब बाबा ने उसे झांसा दिया कि जुम्मे की रात को घर में नोटों की बारिश करवाने के लिए खास पूजा करवानी होगी, जिसके लिए दिल्ली से विशेष इत्र लाना होगा।

इत्र लाने जाने की बोलकर हआ अंडरग्राउंड
बाबा दिल्ली से इत्र लाने की बोलकर अंडरग्राउंड हो गया और जमील खान व उसका परिवार दो दिन तक नोटों की बारिश का इंतजार करता रहा। जब कुछ नहीं हुआ तो उसने बाबा अकबर खान से सम्पर्क किया तब वह इत्र नहीं मिलने वाला गोलमोल जवाब देने लगा।

अब भी दे रहा झांसा, नोटों की बारिश जरूर होगी
खुद के साथ ठगी होने का पता लगने पर जमील ने जयपुर जिले के जयसिंहपुरा खोन पुलिस थाने में शिकायत देकर तांत्रिक बाब अकबर खान और सावन खान के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया। थानाधिकारी सतीश चंद ने बताया कि ठगी करने के बाद भी तांत्रिक पीड़ित जमील को झांसा दे रहा है कि नोटों की बारिश जरूर होगी। आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जल्द ही गिरफ्तारी भी करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications