बॉलीवुड एक्टर प्रेमनाथ की टॉकीज पर चढ़ा शख्स, लगा दी छलांग...', शोले के धर्मेन्द्र की तरह बोले डायलॉग
जबलपुर, 20 सितंबर: नशे में धुत एक रिक्शा चालक ने जबलपुर में जमकर हाईवोल्टेज ड्रामा किया । बॉलीवुड स्टार प्रेम नाथ की खंडरनुमा टॉकीज पर चढ़ गया । गले में रस्सी डालकर वो शोले फिल्म के एक्टर धर्मेन्द्र की तरह डायलॉग मारने लगा। उसकी हरकतों को देख सड़क पर लोगों का हुजूम लग गया और पुलिस की मदद से रेस्क्यू किया गया। इसी दौरान उसने बिल्डिंग से छलांग लगा दी, जिसमें वह बुरी तरह घायल हो गया।

प्रेमनाथ की टॉकीज पर नशेबाज का ड्रामा
मप्र के जबलपुर में अंग्रेजों के ज़माने की खंडहर हो चुकी एम्पायर पर एक रिक्शा चालक चढ़ गया था। शराब के नशे में धुत रवि उर्फ़ कालू नाम का रिक्शा चालक बिल्डिंग की दीवार पर खड़ा हो गया। वहां लकड़ी की बल्ली से बंधी रस्सी अपने गले में डाल ली और जोर-जोर से चिल्लाने लगा। कालू की हरकतों को देख वहां लोगों का हुजूम लग गया। टॉकीज के ऊपर चढ़ा यह शख्स चिल्ला रहा था कि वह आज यहां फांसी लगाकर अपनी जान दे देगा।

रेस्क्यू के दौरान करीब 25 फीट ऊपर लगा दी छलांग
इस मामले की खबर पाकर मौके पर पुलिस पहुंची। फिर नगर निगम की फायर ब्रिगेड की गाड़ी रेस्क्यू के लिए पहुंची। जिसके बाद टॉकीज की बिल्डिंग की दीवार पर चढ़े कालू को उतारने के प्रयास शुरू हुए। फायर ब्रिगेड की टीम के लोग उसको नीचे उतारने दीवार पर चढ़े। उसके गले से रस्सी हटाई तो वह और जोर से चिल्लाने लगा। इसी दौरान करीब 25 फीट ऊँची दीवार से कालू ने छलांग लगा दी। जिसमें वह गभीर रूप से घायल हो गया। अब उसे इलाज के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शोले के धर्मेन्द्र की तरह बोलने लगा डायलॉग
कई घंटे इस रवि उर्फ़ कालू ने जनता और पुलिस प्रशासन की नाक में दम कर रखा था। तमाम कोशिशों के बाबजूद वह सही सलामत टॉकीज की दीवार से उतरने ही तैयार नहीं हुआ। हद तो तब हो गई जब वह शोले फिल्म में धर्मेन्द्र की तरह तरह-तरह के डायलॉग बोलने लगा। कुछ लोगों के नाम लेकर गालियां देने लगा। बार-बार यही कहता रहा कि ' यहां से कूदकर अपनी जान दे दूंगा'।

अस्पताल में भी घायल की हो रही निगरानी
लगभग 25 फीट ऊंचाई से छलांग लगाकर गिरे कालू के हाथ पैर में गंभीर चोटे पहुंची है। उसकी निगरानी में पुलिस का पहरा है, ताकि कही यह फिर से भागकर और किसी बिल्डिंग पर ना चढ़ जाए। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक रवि उर्फ़ कालू रिक्शा चलाने का काम ही करता हैं। अन्य रिक्शा वालों से पूछताछ में यह बात भी सामने आई है कि उसका दिमागी संतुलन ठीक नहीं है। वही पुलिस कालू के स्वस्थ होने का भी इंतजार कर रही हैं, ताकि उससे पूछताछ की जा सकें। जान देने का प्रयास करने के पीछे की वजह का भी पता लगाया जाएगा।

जिस टॉकीज पर कालू चढ़ा वह ऐतिहासिक
बॉलीवुड की दुनिया में स्टार अभिनेता रहे प्रेम नाथ की इस जगह से कई यादें जुड़ी हैं। ब्रिटिश काल के ज़माने की यह वही एम्पयार टॉकीज है, जिसे प्रेमनाथ ने 1952 में खरीदा था। इस टॉकीज के परदे पर पहली फिल्म बादल प्रदर्शित हुई। जिसका उद्घाटन पृथ्वीराज कपूर ने किया था। करीब दो दशक पूर्व यह टॉकीज बंद हो गई और देखरेख के अभाव में अब सिर्फ इसकी खंडहर बिल्डिंग ही बची हैं।












Click it and Unblock the Notifications