"सिख, मुस्लिम...आतंकियों पर रखें कड़ी निगरानी", मध्य प्रदेश में SP के सर्कुलर से बवाल, दे रहे सफाई
जबलपुर। मध्य प्रदेश में जबलपुर जिला स्थित कटनी (जिसे मुड़वारा के रूप में भी जाना जाता है) में वीआईपी मूवमेंट को लेकर जारी एक सुरक्षा सर्कुलर से विवाद हो गया। दरअसल, यहां एसपी-कटनी, सुनील जैन की ओर से जो सर्कुलर जारी किया गया, उसमें लिखा गया था कि, 'सिखों, मुसलमानों, जेकेएलएफ, उल्फा, सिमी और लिट्टे के आतंकवादियों पर कड़ी निगरानी रखें।'

2 पेज के इस सर्कुलर के सामने आने पर इसे पढ़ने वाले दंग रह गए। सर्कुलर के निचले हिस्से पर एसपी सुनील जैन का नाम लिखा था, तो वे विवादों में आ गए। हालांकि, फिर कटनी के एसपी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यह लिपिकीय गलती है और मैंने आदेश पत्र टाइप करने वाले क्लर्क को शोकॉज नोटिस जारी किया है। एसपी सुनील जैन ने यह भी कहा कि, मैं इस गलती पर खेद प्रकट करता हूं।
एसपी ने कहा, ''हमारा इरादा किसी समुदाय की भावना को ठेस पहुंचाना नहीं था। इस तरह की गलती दोबारा ना हो इस बात का विशेष ध्यान रखा जायेगा। इस सुरक्षा आदेश में कोरोना प्रोटोकॉल के पालन से संबंधित जानकारी भी दी गई है।'
विवादित सर्कुलर के पेज न्यूज एजेंसी एएनआई ने ट्वीट किए हैं। आप यहां देख सकते हैं कि सर्कुलर में लिखा गया है, "सिखों, मुसलमानों, जेकेएलएफ, उल्फा, सिमी और लिट्टे आतंकवादियों पर कड़ी निगरानी रखें।" अब इसी मामले में कटनी के एसपी सुनील जैन ने सफाई दी है। वैसे देश में जेकेएलएफ, उल्फा, सिमी जैसे संगठनों को चरमपंथियों के संगठन माना जाता है।












Click it and Unblock the Notifications