दोबारा पटरी पर लौटी हमसफ़र में यात्रियों का क्यों हुआ टोटा? फुल AC ट्रेन उसके बाद भी....
जबलपुर, 05 अगस्त: एक तरफ रेलवे 'मिशन रफ़्तार' की ओर आगे बढ़ रहा है, तो दूसरी तरफ कोरोनाकाल से बंद पड़ी कई यात्री ट्रेन जब दोबारा शुरू हुई तो, उनमें सफ़र करने वाले यात्रियों की किल्लत आ गई है। पश्चिम मध्य रेल जोन के जबलपुर से शुरू होने वाली हमसफ़र एक्सप्रेस ट्रेन में यही देखा गया। हालांकि रेल प्रशासन का दावा है कि आने वाले दिनों में यात्रियों की संख्या बढ़ेंगी। अभी जानकारी के अभाव में ऐसा हो रहा है।

महाकौशल अंचल के लिए बड़ी फायदेमंद
महाकौशल अंचल के लिए रेल यात्रियों के लिए फुल AC हमसफ़र एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात मिली थी। जबलपुर से संतरगाछी के बीच चलने वाली इस पूरी वातानुकूलित ट्रेन को कोरोनाकाल के वक्त बंद कर दिया गया था। शुरुआत में पश्चिम बंगाल के लिए जाने जबलपुर से यह सीधी ट्रेन यात्रियों की पहली पसंद रही। लेकिन दोबारा फिर शुरू हुई तो अब यात्रियों का टोटा है। करीब ढाई साल के अंतराल के बाद पटरी पर वापस लौटी हमसफ़र का सफ़र सूनेपन में गुजर रहा है।

3 अगस्त को पहुंची और अगले दिन हुई रवाना
संतरगाछी-जबलपुर-संतरगाछी AC ट्रेन खडगपुर, टाटा नगर, चक्रधरपुर, राउरकेला, झारसुगडा, रायगढ़, बिलासपुर, शहडोल, कटनी साउथ, होते हुए जबलपुर पहुँचती है। तीन अगस्त को यह ट्रेन जबलपुर पहुंची थी, जिसमें सफ़र करने वाले यात्रियों की संख्या पहले के मुकाबले बेहद कम रही। अगले दिन जब यह ट्रेन जबलपुर से संतरगाछी के लिए रवाना हुई तो, इसमें बमुश्किल एक सैकड़ा यात्रियों ने रिजर्वेशन कराया था।

इस ट्रेन से कम दूरी में सफ़र
ख़ास बात यह है कि साप्ताहिक इस ट्रेन के जरिए जबलपुर से पश्चिम बंगाल के स्टेशनों की यात्रा कम दूरी में तय होती है। यह ट्रेन मप्र के साथ छत्तीसगढ़, उड़ीसा और पश्चिम बंगाल को जोड़ती है। जबलपुर से अभी तक इस रूट पर सीधी कोई भी ट्रेन नहीं थी। दूरी कम होने से यात्रियों का सफ़र कम वक्त में भी पूरा होता है। बाबजूद इसके ट्रेन के दोबारा शुरू होने पर यात्रियों की संख्या में इजाफा नहीं है।

पब्लिसिटी की कमी लेकिन बढ़ेंगे यात्री
इधर जानकर बताते है कि कोरोनाकाल के वक्त बंद हुई कई ट्रेन जब बाद में फिर शुरू हुई, तो उसके संचालन का प्रचार अच्छे ढंग से हुआ। लेकिन अब जिन ट्रेनों को दोबारा शुरू किया जा रहा है, उनके बारे में आम यात्रियों में जानकारी का अभाव है। इस वजह से इस शानदार ट्रेन में अभी यात्री कम है। वही रेल प्रशासन ने भी दावा किया है कि आने वाले दिनों में यहट्रेन पहले की तरह ही यात्रियों की अच्छी संख्या के साथ पटरी पर दौड़ती नजर आएंगी।












Click it and Unblock the Notifications