Jabalpur Bargi Dam: भारी बारिश के चलते बरगी डैम का जलस्तर बढ़ा, 7 गेट खोले गए; नर्मदा नदी भी उफान पर
Jabalpur Bargi Dam 7 gates opened
Jabalpur Bargi Dam: रानी अवंति बाई लोधी सागर परियोजना बरगी बांध के जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए आज सोमवार को दोपहर लगभग सवा दो बजे इसके 21 में से 7 स्पिल-वे गेट औसतन 1.07 मीटर की ऊंचाई तक खोल दिये गये हैं। इनसे 35 हजार 562 क्यूसेक ( घनफुट पानी प्रति सेकंड ) पानी छोड़ा जा रहा है ।
कार्यपालन यंत्री बरगी बांध अजय सूरे के अनुसार खोले गये 7 गेट में से गेट नम्बर दस, 11 और 12 को डेढ़-डेढ़ मीटर, गेट नम्बर 9 और 13 को एक-एक मीटर तथा गेट नम्बर 8 और 14 को आधा-आधा मीटर ऊंचाई तक खोला गये हैं।

उन्होंने बताया कि बांध में आवक को देखते हुये कभी भी इससे पानी निकासी की मात्रा घटाई या बढ़ाई जा सकती है। सूरे के अनुसार सोमवार को दोपहर बारह बजे बांध का जल स्तर 419 मीटर रिकार्ड किया गया था। इस समय इसमें लगभग 70 हजार 600 क्युसेक पानी प्रवेश कर रहा था।
Recommended Video
उन्होंने बाँध के निचले क्षेत्र के निवासियों से नर्मदा तट से सुरक्षित दूरी बनाये रखने तथा डूब क्षेत्र में प्रवेश न करने की अपील करते हुये बताया कि बांध से पानी छोड़ने से नर्मदा नदी का जलस्तर आठ से दस फुट तक बढ़ सकता है।
नर्मदा तटों पर जानिए कितने फिट बढ़ेगा जलस्तर
जबलपुर में हुई भारी बारिश के चलते वैसे ही नर्मदा का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है। वहीं अब डैम के 7 गेट खोले जाने से भारी मात्रा में पानी हर पल नदी में छोड़ा जाएगा। इससे नर्मदा के घाटों पर 8 से 10 फीट जलस्तर बढ़ सकता है। जबलपुर के ग्वारीघाट में डेढ़ से दो घंटे में इसका असर दिखाई देने लगेगा। कई घाटों व निचले क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बनते दिखेंगे।
भारी बारिश के चलते विदिशा जिले की शमशाबाद तहसील में स्थित संजय सागर बांध के भी 2 गेट सोमवार 29 जुलाई को खोले दिए गए हैं। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से शमशाबाद,भोपाल, रायसेन, बैरसिया, में हो रही भारी बारिश की वजह से डैम अपने फुल टैंक लेवल के करीब पहुंच चुका है।












Click it and Unblock the Notifications