Jabalpur: नर्मदा में करना था अस्थि विसर्जन, मधुमक्खियों ने कर दिया हमला, भगदड़ में नदी में कूदी भीड़
एमपी के जबलपुर में नर्मदा में अस्थि विसर्जन करने पहुंचे लोगों के बीच मधुमक्खियों ने जमकर कहर बरपाया। हमले में भगदड़ की स्थिति बन गई और कई लोगों को नदी में तक कूदना पड़ा।

Jabalpur bees attacked: कोई मुसीबत कब और किस रूप में आ जाए, कुछ भी कहा नहीं जा सकता। जबलपुर के नर्मदा घाट में कुछ ऐसा ही हुआ। एक परिवार अस्थि विसर्जन के लिए पहुंचा था, उसी वक्त घाट पर मधुमक्खियों के झुण्ड ने हमला कर दिया। गिरते पड़ते लोग नदी में तक कूद गए।
घटना नर्मदा के लम्हेटा घाट की है। जहां अंधुआ गांव से बीजेपी नेता शिव पटेल के पुत्र के निधन के बाद अस्थि विसर्जन के लिए लोग पहुंचे थे। उसी दौरान सैकड़ों की तादात में मधुमक्खियों के कई झुण्ड आ गए और हमला कर दिया। जब तक कोई समझ पाता तब तक दो दर्जन से ज्यादा लोगों पर मधुमक्खियां अटैक कर चुकी थी।
हमला इतना जबरदस्त था कि भगदड़ में लोगों को कुछ नहीं सूझा और नदी में छलांग लगाने मजबूर होना पड़ा। कुछ लोग तैरना जानते थे और कुछ नहीं। किसी तरह घाट पर मौजूद दूसरे तैराकों ने लोगों बचाया।

मधुमक्खियों ने घाट पर मौजूद करीब 35 लोगों को डंक मारे, वहीं इस हमले में सैकड़ों डंक झेलने वाले 6 लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। किसी तरह पटेल परिवार ने अस्थि विसर्जन का कार्यक्रम संपन्न कराया। लेकिन मधुमक्खियों के हमले में घायल लोग तड़प रहे थे।
बाद में पुलिस और स्थानीय प्रशासन को सूचना दी गई। थोड़ी देर बाद एंबुलेंस पहुंची और सभी पीड़ितों को इलाज के लिए मेडिकल अस्पताल ले जाया गया।मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉ अरविंद शर्मा के मुताबिक मधुमक्खियों का डंक खतरनाक होता है। इस वजह से जिन 6 लोगों पर हमले का ज्यादा असर हुआ, उन्हें उल्टियां हो रही थीं। यह एक तरह का रिएक्शन होता है। समय पर इलाज न मिलने के अभाव में पीड़ित की जान भी जा सकती हैं। इस घटना के बाद लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सार्वजनिक स्थानों पर मधुमक्खियों के छत्ते वाली जगहों को चिन्हित किया जाए। छत्तों को हटाने की कार्रवाई की जाए।












Click it and Unblock the Notifications