World Best Airport 2023: कतर का नाम दुनिया के सबसे बेहतरीन एयरपोर्ट से हटा, जानें कौन बना नंबर-1
Skytrax World Airport: सिंगापुर के चांगी ने एक बार फिर से दुनिया के नंबर-1 एयरपोर्ट का खिताब हासिल कर लिया है। कोरोना महामारी के समय कई तरह के यात्रा प्रतिबंध लगाए जाने के कारण 2 सालों तक वह नंबर के पद से दूर था।

Image: Changi Airports
कतर पिछले दो साल से दुनिया के सबसे बेहतरीन एयरपोर्ट का ताज अपने सिर पर सजाए हुए था। लेकिन अब सिंगापुर के चांगी हवाईअड्डे ने कतर से यह पदवी छीन ली है। चांगी एयरपोर्ट को अब दुनिया का सर्वश्रेष्ठ एयरपोर्ट होने का दर्जा दिया गया है। एम्स्टर्डम में पैसेंजर टर्मिनल एक्सपो में आयोजित वर्ल्ड एयरपोर्ट अवार्ड्स में बुधवार को रैंकिंग साइट स्काईट्रैक्स ने ये रैंकिंग जारी की। स्काईट्रैक्स दुनियाभर के यात्रियों से लिया गए सर्वे की रिपोर्ट को इकट्ठा करके एयरलाइन और एयरपोर्ट की रैकिंग करता है।
12 वीं जमाया कब्जा
इस सूची में चांगी एयरपोर्ट तीसरे स्थान से दो पायदान चढ़कर नंबर एक पर पहुंच गया है। यह बारहवीं बार है जब चांगी एयरपोर्ट को सबसे बेहतरीन एयरपोर्ट होने का गौरव हासिल हुआ है। 2021 और 2022 से पहले लगातार 8 सालों तक चांगी एयरपोर्ट दुनिया के सबसे बेस्ट एयरपोर्ट की सूची में नंबर एक पर था।
चांगी एयरपोर्ट ग्रुप के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने कहा, "एक बार फिर से यह सम्मान मिलना एक बड़ा प्रोत्साहन है। हम पिछले दो साल से कोविड-19 की चुनौतियों से जूझ रहे हैं। उन्होंने उन यात्रियों के प्रति भी आभार व्यक्त किया जिनके निरंतर समर्थन ने उन्हें उत्कृष्ट सेवा प्रदान करने के लिए प्रोत्साहित किया।"
चांगी हवाईअड्डे ने भोजन और अवकाश सुविधाओं की श्रेणियों में दुनिया का सर्वश्रेष्ठ हवाईअड्डा होने का पुरस्कार भी जीता। इस लिस्ट में दूसरा नाम दोहा के हमद अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का है। तीसरा स्थान टोक्यो के हनेडा हवाई अड्डे को दिया गया है। लिस्ट के मुताबिक चौथे सबसे बेहतरीन एयरपोर्ट के रूप में दक्षिण कोरिया के इंचियोन इंटरनेशनल एयरपोर्ट को चुना गया है। इसके बाद पांचवें स्थान पर पेरिस के चार्ल्स डी गॉल इंटरनेशनल एयरपोर्ट है। हालांकि इस लिस्ट में अमेरिका का एक भी एयरपोर्ट टॉप 10 देशों की सूची में नहीं है। अमेरिका की तरफ से 18 वें नंबर पर सिएटल-टैकोमा अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट है।

भारत का भी एक भी एयरपोर्ट टॉप-20 लिस्ट में जगह नहीं बना सका है। राजधानी दिल्ली का इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा इस लिस्ट में 36वें स्थान पर है। पिछले साल यह 37 वें नंबर पर था। जबकि 2021 में यह 45वें नंबर पर था। बैंगलुरु बेंगलुरु का केम्पेगौड़ा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा 69वें स्थान पर है। इसके अलावा मुंबई का छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा 84वें स्थान पर है। 100 एयरपोर्ट की लिस्ट में इस बार भारत के महज 3 हवाई अड्डे अपनी जगह बना पाए हैं। पिछले साल भारत के 4 एयरपोर्ट इस लिस्ट में थे।
टॉप 20 एयरपोर्ट की लिस्ट
1. सिंगापुर चांगी
2. दोहा हमद
3. टोक्यो हनेडा
4. सियोल इंचियोन
5. पेरिस चार्ल्स डी गाले
6. इस्तांबुल
7. म्यूनिख
8. ज्यूरिख
9. टोक्यो नरीता
10. मैड्रिड बराजस
11. वियना
12. हेलसिंकी-वंता
13. रोम फिमिसिनो
14. कोपेनहेगन
15. कंसाई
16. सेंट्रेयर नागोया
17. दुबई
18. सिएटल-टैकोमा
19. मेलबर्न
20. वैंकूवर












Click it and Unblock the Notifications