आर्थिक संकट से जूझ रहे श्रीलंका को मिलेगी बड़ी राहत, यहां से मिलेगी 70 करोड़ डॉलर की मदद
विश्व बैंक ने गहरे आर्थिक संकट से गुजर रहे श्रीलंका को 70 करोड़ डॉलर की राशि जारी करने की योजना बना रहा है। मौजूदा कर्जों को ही नए मद में आवंटित करने से श्रीलंका को फौरी राहत मिलने की उम्मीद है।
कोलंबो, 30 मईः विश्व बैंक ने गहरे आर्थिक संकट से गुजर रहे श्रीलंका को 70 करोड़ डॉलर की राशि जारी करने की योजना बना रहा है। मौजूदा कर्जों को ही नए मद में आवंटित करने से श्रीलंका को फौरी राहत मिलने की उम्मीद है। ये एक ऐसा कदम है जो एक अभूतपूर्व संकट से गुजर रहे श्रीलंका को राहत पहुंचाएगा। श्रीलंका लगभग दीवालिया हो चुका है और उसके पास भोजन, ईंधन, दवा और रसोई गैस जैसी आवश्यक चीजों की भारी कमी है। महीनों से सीमित स्टॉक खरीदने के लिए नागरिकों को लंबी लाइन में लगना पड़ रहा है।

विश्व बैंक श्रीलंका प्रमुख ने दिया आश्वासन
विश्व बैंक श्रीलंका प्रमुख चियो कांडा ने पिछले हफ्ते विदेश मंत्री से मुलाकात के दौरान यह आश्वासन दिया था। उन्होंने कहा कि विश्व बैंक पहले से स्वीकृत परियोजनाओं की राशि पुनर्नियोजित कर जारी करेगा। विदेश मंत्रालय के हवाले से प्रकाशित इस रिपोर्ट के मुताबिक कांडा ने विदेश मंत्री पेइरिस को आश्वासन दिया है कि विश्व बैंक इस बारे में एशियाई विकास बैंक (एडीबी), एशियाई अवसरंचना निवेश बैंक (एआईआईबी) एवं संयुक्त राष्ट्र कार्यालय के साथ मिलकर काम करेगा।

विश्वबैंक देगा 70 करोड़ रुपये
इस दौरान श्रीलंकाई विदेश मंत्री ने कांडा से यह मांग की कि अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष से दीर्घकालिक मदद नहीं मिलने तक विश्व बैंक से मदद मुहैया कराई जाए। इस पर कांडा ने कहा कि आने वाले महीनों में श्रीलंका को 70 करोड़ डॉलर दिए जाएंगे। फिलहाल श्रीलंका के साथ तकनीकी स्तर पर चर्चा शुरू हो गई है। आईएमएफ रिपोर्ट के हवाले से कहा है कि नई सरकार बनने के बाद नीतिगत चर्चा की तैयारी के लिए वे जारी रहेंगे।

आईएमएफ ने दिये सकारात्मक संकेत
विदेशी मुद्रा के गहरे संकट और उच्च मुद्रास्फीति के दौर से गुजर रहे श्रीलंका ने आईएमएफ से राहत पैकेज देने का अनुरोध किया हुआ है। आईएमएफ ने भी इस दिशा में सकारात्मक संकेत दिए हैं। आईएमएफ ने कहा है कि वह श्रीलंका के घटनाक्रम पर करीबी नजर रख रहा है। वह वहां बढ़ते सामाजिक तनाव और हिंसा को लेकर चिंतित है।

सबसे खराब वक्त से गुजर रहा श्रीलंका
1948 में मिली आजादी के बाद से श्रीलंका अपने सबसे खराब समय से गुजर रहा है। आर्थिक संकट ने यहां राजनीतिक अशांति पैदा कर दी है। राष्ट्रपति के आवास पर अभी भी लोगों की भीड़ जमी है और वे बीते 50 दिनों से उनसे इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications