Video: सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे दो मिलियन लोग, भीड़ में फंस गई एंबुलेंस
हांगकांग। भारत में इस समय डॉक्टरों की हड़ताल के बीच हांगकांग से एक ऐसा वीडियो आया है जो काफी कुछ सिखा सकता है। वीडियो रविवार का है जब सड़कों पर लाखों प्रदर्शनकारी सरकार के फैसले के खिलाफ बड़े पैमाने पर इकट्ठा थे। लेकिन जब इन्होंने एंबुलेंस को आते देखा तो प्रदर्शन भूलकर एंबुलेंस को रास्ता दिया। हांगकांग में पिछले कुछ दिनों से विरोध प्रदर्शनों का सिलसिला जारी है। यहां पर करीब दो मिलियन लोग सड़कों पर उतरे हैं। ये सभी लोग विवादित एक्स्ट्राडिशन बिल का विरोध कर रहे हैं जिसके बाद चीन को प्रत्यर्पण की मंजूरी मिल सकेगी।
प्रदर्शनकारी की तबियत बिगड़ी
16 जून को प्रदर्शनकारी हांग कांग के नेता कैरी लाम से पद छोड़ने की मांग कर रहे थे। हांग कांग के अलग-अलग हिस्सों में ट्रैफिक पूरी तरह से रुका हुआ था। सेंट्रल हांग कांग के एडमाराल्टी और कॉजबे में हजारों लोग सड़कों पर थे। एडमाराल्टी में सरकार का हेडक्वार्टर है और यहां पर लोग सुबह से लेकर रात तक डटे हुए थे। यहां पर अचानक रात नौ बजे एक प्रदर्शनकारी बेहोश हो गया। इसके बाद बाकी प्रदर्शनकारियों ने जिस तरह से एक्शन लिया उसकी सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है।

बहुत खूबसूरत नजारा
एक यूजर ने लिखा, 'हांग कांग में रविवार की रात को जो दृश्य था, वह वाकई बहुत खूबसूरत था।' प्रदर्शनकारियों ने जैसे ही एंबुलेंस के सायरन की आवाज सुनी, फौरन उसे जाने के लिए रास्ता दिया। कुछ यूजर्स ने तो भीड़ की तुलना लाल सागर तक से कर डाली है। हांग कांग में इस समय इतिहास का सबसे बड़ा विरोध प्रदर्शन जारी है। पुलिस का कहना है कि रविवार को प्रदर्शनकारियों की संख्या 338,000 थी और यह सबसे ज्यादा है।

बिल का विरोध कर रहे हैं लोग
लोग एक्स्ट्राडिशन बिल को वापस लेने की मांग कर रहे हैं। इस बिल के बाद हांग कांग से लोगों को चीन प्रत्यर्पित करने में सुविधा हो जाएगी। हांग कांग कीनेता कैरी लाम ने जनता से बिल के लिए रविवार को माफी मांगी है। प्रदर्शनकारियों को डर है कि इस बिल के बाद चीन का प्रभाव हांग कांग पर बढ़ जाएगा। प्रदर्शनकारी लगातार लाम से उनके इस्तीफे की मांग पर अड़े हैं। इसके अलावा उनका कहना है कि न सिर्फ इस बिल को सस्पेंड किया जाए बल्कि इसे खत्म किया जाए।

छात्र नेता आज होंगे रिहा
इस बीच हांग कांग में छात्र नेता जोशुआ वोंग को सोमवार को जेल से रिहा कर दिया जाएगा। जोशुआ, हांग काग के प्रसिद्ध अंब्रेला मूवमेंट का सबसे बड़ा चेहरा बनकर उभरे थे। पांच वर्ष बाद उन्हें जेल से रिहा किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications