तेजी से मॉस्को के करीब पहुंच रहा वैगनर ग्रुप, अब राजधानी से इतने किमी हैं दूर, मेयर बोले- हालात नाजुक
वैगनर ग्रुप के मालिक येवगेनी प्रिगोजिन की बगावत के बाद रूस में संघर्ष तेज हो गया है। वैगनर ग्रुप के लड़ाके रोस्तोव शहर पर कब्जे के बाद मॉस्को को जीतने निकल पड़े हैं।
रोस्तोव से मास्को की दूरी 1100 किमी है। इस बीच मॉस्को के मेयर ने अपने टेलीग्राम चैनल पर खुलासा किया है कि अब वैगनर ग्रुप के लड़ाके राजधानी से महज 400 किमी की दूरी पर हैं।

रूसी सेना वैगनर लड़ाकों को शहर में न घुसने देने के लिए तमाम जतन कर रही है। K13 न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक रूसी सेना कुछ पुलों को तोड़कर लड़ाकों का रास्ता रोकना चाहती है। इस बीच खबर है कि सेना ने मास्को में एंट्री करने वाले एक पुल को काट दिया है।
मॉस्को मेयर ने कहा है कि वैगनर ग्रुप के लड़ाके तेजी से मॉस्को की ओर बढ़ रहे हैं। मेयर सोबयानिन ने एक टेलीग्राम पोस्ट में कहा है कि हालात बेहद मुश्किल होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा है कि इस बात की संभावना है कि शहर की कुछ सड़कों या फिर आसपास के इलाकों का यातायात बंद कर दिया जाए।
कुछ रिपोर्ट के अनुसार वैगनर के 25 हजार लड़ाकों का काफिला मास्को के दक्षिण तक पहुंच गया है। उन्हें रूसी शहर वोरोनिश से गुजरते हुए देखा गया है। ये विद्रोही एम 4 हाइवे से आगे बढ़ रहे हैं जो वोरोनिश और मास्को जोड़ता है। इन दोनों शहरों के बीच में लिपेटस्क शहर है।
लिपेत्सक शहर के गवर्नर इगोर आर्टामोनोव ने कहा है कि वैगनर ग्रुप के लड़ाके हथियार लेकर दक्षिणी रूसी क्षेत्र में जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की तरफ से लोगों की हिफाजत के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
इस बीच रूसी विदेश मंत्रालय की तरफ से बयान जारी किया गया है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि इतिहास गवाह है कि उनके देश में सशस्त्र विद्रोह की कोशिशों को समाज ने दृढ़ता से खारिज कर दिया।
मंत्रालय ने कहा कि रूसी जनता राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का पुरजोर समर्थन करती है। साजिशकर्ताओं का मकसद रूस को अस्थिर करना, देश की एकता की खंडित करना और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा को विश्वसनीय रूप से सुनिश्चित करने के रूसी संघ के प्रयासों को कमजोर करना है।
रूसी मंत्रालय ने बयान में आगे कहा कि ये विद्रोह रूस के बाहरी दुश्मनों के जरिए अंजाम दिया जा रहा है। विदेशी ताकतों ने रूस को तोड़ने के लिए ये विद्रोह करवाया है। रूस ने पश्चिमी मुल्कों को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर रूस के अंदरूनी हालातों का फायदा उठाने की कोशिश की गई, तो इसका अंजाम बुरा होगा।












Click it and Unblock the Notifications