अमेरिका: पुलिस कार की टक्कर से भारतीय छात्रा की हुई मौत, मजाक करते रहे पुलिसकर्मी, कैमरे में हुआ रिकॉर्ड
अमेरिका के सिएटल शहर में इसी साल 23 जनवरी को पुलिस की गाड़ी से टक्कर के बाद जाह्नवी कुंडला नामक भारतीय छात्रा की मौत हो गई थी। अब इस मामले में एक नया मोड़ आया है।
हाल ही में सामने आए एक वीडियो फुटेज में जाह्नवी को टक्कर मारने के बाद पुलिसकर्मी को फोन पर हंसते और मजाक उड़ाते हुए सुना जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद सिएटल पुलिस के यूनियन लीडर के खिलाफ जांच शुरू की गई है।

सोमवार को सिएटल पुलिस विभाग ने अधिकारी जेनियल ऑडिरेर के बॉडी कैमरे का वीडियो फुटेज जारी किया था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, जब यह घटना घटी तब ऑडिरेर ने अपना बॉडी कैमरा ऑन रखा था।
इस वीडियो में सिएटल पुलिस ऑफिसर्स गिल्ड के उपाध्यक्ष केविन डेव को गाड़ी चलाते हुए देखा जा सकता है। पुलिस ने बताया कि पुलिसकर्मी वाहन चलाते समय फोन कॉल में व्यस्त था। वीडियो फुटेज में वाहन चलाते समय उसे किसी से फोन पर बात करते हुए सुना गया।
केविन डेव को फोन पर गिल्ड के अध्यक्ष माइक सोलन के साथ बात करते हुए कहता है, "वह मर चुकी है।" इस दौरान वह हंसता हुई भी दिखाई देता है। पीड़ित की ओर देखकर पुलिसकर्मी ने कहा कि यह एक आम लड़की है। उसकी कुछ खास कीमत नहीं है।
वीडियो के अंत मं उसे हंसकर यह कहते हुए सुना गया कि हां 11 हजार डॉलर का एक चेक लिखो। वह 26 की है, उसका मूल्य सीमित है। ऑडिरेर ने कहा कि कार 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। हालांकि, जांच में सामने आया कि डेव कार को 119 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चला रहे थे।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मामले की नए सिरे से जांच कर रही है। सिएटल सामुदायिक पुलिस आयोग (CPC) ने वीडियो में सुनाई दे रही बातचीत को 'चौंकाने वाली और असंवेदनशील' बताया है। वीडियो को जांच के लिए पुलिस जवाबदेही कार्यालय (OPA) में भेजा गया है।
आपको बता दें कि इसी साल 23 जनवरी को जाह्नवी को साउथ लेक यूनियन में डेक्सटर एवेन्यू नॉर्थ और थॉमस स्ट्रीट के चौराहे पर पुलिस कार ने टक्कर मार दी थी। घटना के बाद जाह्नवी को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
जाह्नवी मूलत: आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले की रहने वाली थी और इंफॉर्मेशन सिस्टम में मास्टर्स की पढ़ाई के लिए सिएटल गई थी। इसी साल दिसंबर में जाह्नवी की पढ़ाई पूरी होनी थी।












Click it and Unblock the Notifications