नाटो देशों से मुलाकात के बाद बोले जो बाइडेन, अगर रूस ने रासायनिक हमला किया तो अमेरिका जरूर जवाब देगा
वॉशिंगटन, मार्च 24। रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग को अब 1 महीने होने को जा रहा है और मौजूदा हालात को देखते हुए यह बिल्कुल भी नहीं लग रहा है कि यह जंग जल्द थम सकती है। यूक्रेन पर रूस के लगातार होते आक्रमण के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन शुक्रवार को नाटो के सदस्य देशों से मिले। यह मुलाकात ब्रसेल्स में हुई। इस मुलाकात के दौरान बाइडेन ने रूस को एक बड़ा बयान दिया है। बाइडेन ने कहा है कि अगर रूस ने यूक्रेन पर रासायनिक हथियारों का इस्तेमाल किया तो अमेरिका चुप नहीं बैठेगा, हम उस हमले का जवाब देंगे।

जो बाइडेन ने चीन को लेकर कहा कि यह चीन को समझना होगा कि उसका आर्थिक भविष्य रूस की तुलना में पश्चिमी देशों के निकट अधिक जुड़ा हुआ है और मुझे उम्मीद है कि चीन के राष्ट्रपति रूस के साथ नहीं मिलेंगे। जो बाइडेन ने कहा कि हम रूसी आक्रमण से लड़ने और उनके आत्मरक्षा के अधिकार को बनाए रखने के लिए सुरक्षा सहायता के साथ यूक्रेन का समर्थन करना जारी रखेंगे।
अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और पश्चिमी सहयोगी देशों के नेताओं ने यूक्रेन में रूसी हमले को लेकर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर दबाव बढ़ाने के लिए गुरुवार को तीन सम्मेलनों में से पहला सम्मेलन प्रारंभ किया। बाइडेन और उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के अन्य नेताओं ने गठबंधन के मुख्यालय में मुलाकात की, जहां उन्होंने अपने सम्मेलन से पहले एक सामूहिक तस्वीर खिंचवाई।












Click it and Unblock the Notifications