Modi In USA: व्हाइट हाउस में PM मोदी का गर्मजोशी से स्वागत, कहा- ये गौरव 140 करोड़ देशवासियों का सम्मान
PM Modi In USA: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका दौरे पर हैं, जहां गुरुवार को वाशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस पहुंचने पर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और प्रथम महिला जिल बाइडेन ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने इस दौरान मीडिया को भी संबोधित किया। इस दौरान जो बाइडेन ने कहा, "पीएम मोदी का व्हाइट हाउस में वापस स्वागत है। मैं यहां राजकीय यात्रा पर आपकी मेजबानी करने वाला पहला व्यक्ति बनकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं"

'अमेरिका-भारत के सबसे अहम संबंध'
उन्होंने आगे कहा, "प्रधानमंत्री आपका फिर से स्वागत है। मैंने हमेशा विश्वास किया है कि संयुक्त राज्य अमेरिका और भारत के बीच यह रिश्ता 21वीं सदी के सबसे अहम संबंधों से एक है। मैं सम्मानित हूं कि लगभग 15 साल वर्षों में पहली बार संयुक्त राज्य अमेरिका भारत गणराज्य के लिए एक आधिकारिक राजकीय यात्रा की मेजबानी कर रहा है। प्रधानमंत्री मोदी आपका व्हाइट हाउस में स्वागत है।"
आपकी वजह से QUAD मजबूत- बाइडेन
वहीं पीएम मोदी की तारीफ करते हुए बाइडेन ने कहा कि आपके सहयोग से, हमने स्वतंत्र, खुले, सुरक्षित और समृद्ध इंडो-पैसिफिक के लिए क्वाड को मजबूत किया है। अब से दशकों बाद, लोग पीछे मुड़कर देखेंगे और कहेंगे कि क्वाड ने वैश्विक भलाई के लिए इतिहास की दिशा को मोड़ दिया।
'भारत के 140 करोड़ देशवासियों का सम्मान और गौरव'
इसके बाद पीएम मोदी ने अपने भाषण में कहा कि मैं सबसे पहले राष्ट्रपति बाइडेन के मित्रतापूर्ण स्वागत और उनके संबोधन के लिए उनका हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। आज व्हाइट हाउस में शानदार स्वागत समारोह से एक प्रकार से भारत के 140 करोड़ देशवासियों का सम्मान और गौरव है। ये सम्मान अमेरिका में रहने वाले 4 मिलियन से अधिक भारतीय लोगों का भी सम्मान है।
आप सब हमारे संबंधों की असली ताकत-मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि पीएम बनने के बाद मैं कई बार व्हाइट हाउस गया हूं। यह पहली बार है जब व्हाइट हाउस के दरवाजे इतनी बड़ी संख्या में भारतीय-अमेरिकी समुदाय के लिए खोले गए हैं। भारतीय समुदाय के लोग अपने टैलेंट से अमेरिका में भारत की शान बढ़ा रहे हैं। आप सब हमारे संबंधों की असली ताकत हैं।
पीएम मोदी ने आगे कहा कि पोस्ट कोविड काल में विश्व व्यवस्था एक नया आकार ले रहा है। इस कालखंड में भारत और अमेरिका की दोस्ती पूरी दुनिया की ताकत को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी। दोनों देश वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धता के लिए मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।












Click it and Unblock the Notifications