US elections 2024: जो बाइडेन फिर लड़ेंगे राष्ट्रपति चुनाव, दावेदारी का किया ऐलान, कहा, पूरा नहीं हुआ मिशन
जो बाइडेन अपनी उम्र को लेकर चिंता से परेशान रहे हैं। अगर वह 2024 का चुनाव जीतते हैं, तो वह अपने दूसरे कार्यकाल की शुरुआत में 82 साल के हो जाएंगे।

Biden announces reelection bid: अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने औपचारिक तौर पर 2024 में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए अपनी दावेदारी का ऐलान कर दिया है। पिछले कुछ महीनों से ही इस बात के संकेत मिल रहे थे, कि जो बाइडेन फिर से राष्ट्रपति का चुनाव लड़ सकते हैं और अब उन्होंने अपनी दावेदारी की घोषणा कर दी है।
जो बाइडेन ने औपचारिक रूप से मंगलवार को अपना फिर से चुनाव अभियान शुरू करते हुए अमेरिकियों से कहा, कि उन्होंने जो शुरू किया था, उसे पूरा करने के लिए उन्हें चार साल का और समय दिया जाए।
जो बाइडेन ने अपनी उम्मीदवारी का ऐलान करने के लिए 25 अप्रैल का दिन इसलिए चुना था, क्योंकि उन्होंने 25 अप्रैल 2019 को पहली बार अपनी दावेदारी का ऐलान किया था और 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में उन्होंने डोनाल्ड ट्रंप को चुनाव में शिकस्त दे थी। लिहाजा, 2019 में ठोकी गई दावेदारी की चौथी वर्षगांठ पर उन्होंने फिर से अपनी दावेगदारी का ऐलान किया है।
जो बाइडेन ने अपनी दावेदारी का ऐलान करते हुए एक वीडियो जारी किया है, जिसमें उन्होंने अमेरिका की जनता से 4 साल का और वक्त देने की अपील की है और कहा है, कि उन्होंने जो मिशन शुरू किया था, वो अभी पूरा नहीं हुआ है।
जो बाइडेन ने क्या कहा?
जो बाइडेन ने दावेदारी का ऐलान करते हुए कहा, कि "हम जिस प्रश्न का सामना कर रहे हैं, वह यह है कि क्या आने वाले वर्षों में हमारे पास ज्यादा या कम स्वतंत्रता होगी? हमारे पास ज्यादा या कम अधिकार होंगे?" उन्होंने आगे कहा, कि "मुझे पता है कि मैं क्या जवाब चाहता हूं और मुझे लगता है कि आप भी यही सोच रहे होंगे। यह संतुष्ट होने का समय नहीं है। इसलिए मैं फिर से चुनाव लड़ रहा हूं।"
पिछले लंबे समय से कयास लगाए जा रहे थे, कि जो बाइडेन फिर से चुनाव लड़ने का ऐलान करते हैं या नहीं, लेकिन उनकी दावेदारी के साथ ही सारी शंकाएं खत्म हो गई हैं और इसके साथ ही, डोनाल्ड ट्रंप के साथ उनकी एक की 'चुनावी लड़ाई' शुरू होती है।
जो बाइडेन ने 2020 में डोनाल्ड ट्रंप को चुनाव हरा दिया था, जिसको लेकर ट्रंप ने चुनावी धांधली का आरोप लगाया था और 6 जनवरी 2021 को ट्रंप समर्थकों ने अमेरिकी संसद कैपिटल हिल पर हमला तक कर दिया था। लिहाजा, अब दोनों नेताओं के बीच फिर से प्रतियोगिता शुरू होने जा रही है।
हालांकि, जो बाइडेन अपनी उम्र को लेकर सवालों के घेरे में रहे हैं। जो बाइडेन पहले से ही इतिहास के सबसे बुजुर्ग अमेरिकी राष्ट्रपति वाले सवालों का भी सामना करते रहे हैं।
वहीं, माना जा रहा है, कि जो बाइडेन को अपनी पार्टी के अंदर से किसी और बड़े नेता की चुनौती नहीं मिलने वाली है, लिहाजा उनके नामांकन का रास्ता साफ होने की संभावना है। अभी तक पूर्व राष्ट्रपति जॉन एफ केनेडी के भतीजे रॉबर्ट एफ कैनेडी जूनियर ने अपनी दावेदारी का ऐलान किया है। लेकिन, इसी महीने यूएसए टुडे/सफोल्क यूनिवर्सिटी सर्वे के मुताबिक, उन्होंने लगभग 14 प्रतिशत डेमोक्रेटिक प्राथमिक मतदाताओं का समर्थन प्राप्त किया है। लिहाजा, जो बाइडेन के सामने कैनेडी जूनियर को ज्यादा सफलता हासिल नहीं होने वाली है।












Click it and Unblock the Notifications