कोरोना के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती हुए डोनाल्ड ट्रंप, ट्वीट कर लोगों को कहा शुक्रिया
वाशिंगटन। कोरोना वायरस पॉजिटिव पाए जाने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इलाज के लिए अस्पताल में शिफ्ट हो गए हैं। राष्ट्रपति ट्रंप को वाल्टर रीड आर्मी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है जहां से वो कई दिनों के अपने सरकारी कामकाज निपटाएंगे। आपको बता दें कि ट्रंप के साथ साथ उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। एक वीडियो ट्वीट करते हुए ट्रंप ने कहा, "मैं इस समर्थन के लिए सभी लोगों का धन्यवाद करता हूं। मैं वॉल्टर रीड हॉस्पिटल जा रहा हूं। मुझे लगता है कि मैं ठीक हूं लेकिन हम चाहते हैं कि चीजें ठीक से हो। फर्स्ट लेडी भी ठीक हैं। मैं सभी लोगों का शुक्रिया अदा करता हूं, मैं इसे कभी नहीं भूलूंगा।"
Recommended Video

आपको बता दें कि इससे पूर्व डोनाल्ड ट्रंप ने एक ट्वीट करके अपने और अपनी पत्नी के कोरोना पॉजिटिव होने के बारे में सूचित किया था। उन्होंने लिखा था कि उनका और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया है। जानकारी देते हुए ट्रंप ने कहा था कि वो और उनकी पत्नी क्वारंटीन में रहेंगे। व्हाइट हाउस ने सूचना देते हुए कहा कि ट्रंप थकान महसूस कर रहे थे लेकिन वो आशावान बने हुए हैं। सीबीएस न्यूज के मुताबिक, ट्रंप को हल्का बुखार है।
वहीं डोनाल्ड ट्रंप के डॉक्टर सीन कॉनली ने बयान जारी कर कहा था कि राष्ट्रपति और प्रथम महिला दोनों अभी स्वस्थ हैं। इस सूचना के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। व्हाइट हाउस के बाहर ट्रंप के सभी दौरे और बैठकें रद्द कर दी गई हैं। उन्हें आखिरी बार गुरुवार दोपहर न्यूजर्सी से व्हाइट हाउस लौटते समय देखा गया था।












Click it and Unblock the Notifications