अमेरिकी फार्मासिस्ट ने बर्बाद कर दी Covid Vaccine की सैकड़ों डोज, गिरफ्तार
वाशिंगटन। Covid Vaccine in US: अमेरिका में एक फार्मासिस्ट ने हॉस्पिटल में कोविड-19 वैक्सीन की 500 डोज बर्बाद कर डाली। ये घटना विस्कॉसिंन राज्य के मिलवाउकी (Milwaukee) के पास की है। पुलिस ने आरोपी फार्मासिस्ट को गिरफ्तार कर लिया है। उस पर सुरक्षा को खतरे में डालना, दवा के साथ छेड़छाड़ और सार्वजनिक सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाने के अपराध में फर्स्ट डिग्री चार्ज किया गया है।
Recommended Video

ऑरोरा मेडिकल सेंटर, ग्राफ्टन में हुई इस घटना के बाद लोगों में काफी गुस्सा है। पहले से ही दवा की कमी बनी हुई है ऐसे में जानबूझकर डोज को बर्बाद करने से लोग नाराज हैं। इस दवा को फ्रंट लाइन वर्कर को दिए जाने के लिए लाया गया था जो कोरोना मरीजों के इलाज में लगे हुए हैं। खराब कर दी गई दवा की अनुमानित कीमत 11 हजार डॉलर बताई जा रही है।
सैकड़ों लोगों को डोज में देरी
अधिकारियों का कहना है कि इस नुकसान के चलते सैकड़ों लोगों को डोज मिलने में देरी होगी। राज्य में गुरुवार को 3810 नए केस मिले हैं जबकि 42 लोगों की कोरोना महामारी के चलते मौत हुई है। फार्मासिस्ट को एक सप्ताह पहले हटा दिया गया है। आरोपी ने लिखित में स्वीकार किया था कि उसने जानबूझकर 57 वैक्सीन डोज को बाहर निकालकर रख दिया था जबकि उसे पता था अगर इस सही तरीके से न रखा जाए तो यह अपना असर खो देती है।
स्वास्थ्य अधिकारी अभी तक आरोपी के इरादों को लेकर स्पष्ट नहीं थे। पहले अधिकारियों ने समझा था कि वैक्सीन को रेफ्रीजरेटर से बाहर छोड़ देना जानबूझकर नहीं बल्कि गलती से हुआ है। लेकिन जैसे-जैसे और जानकारी सामने आई मामले की गंभीरता अधिकारियों को समझ में आई। आरोपी ने 57 वैक्सीन की शीशी बाहर रख दी थी। ये वैक्सीन केवल 12 घंटे के लिए कमरे के तापमान पर रह सकती है। 12 घंटे बीत जाने के बाद इसे फिर से सुरक्षित नहीं रखा जा सकता। प्रत्येक शीशी से लोगों को टीका लगाया जा सकता था।
एक नहीं दो बार रखा बाहर
बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि उनकी जांच में सामने आया है कि आरोपी ने ऐसा जानबूझकर किया था। वैक्सीन की शीशियों को सिर्फ एक बार नहीं बल्कि दो बार बाहर रखा गया था। जिसके चलते अब इनके असर को लेकर अधिकारियों को संदेह है। जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी फार्मासिस्ट को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक इस जांच में एफबीआई और फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एफडीए) ने भी मदद की थी।
हालांकि विस्कॉसिंन के एफबीआई ऑफिस ने कार्रवाई में शामिल होने की जानकारी नहीं दी लेकिन एजेंसी की प्रवक्ता ने बताया कि हमें इसकी जानकारी है और एफडीए को इस बारे में पता है।
पुलिस ने बताया कि फार्मासिस्ट को सस्पेंड कर दिया गया है। आरोपी ने बुधवार को स्वीकार किया कि उसने जानबूझकर इन वैक्सीन को रेफ्रीजरेटर से निकालकर बाहर छोड़ा था। ये सभी वैक्सीन मॉडर्ना कम्पनी की बताई जा रही हैं। पुलिस ने अभी तक फार्मासिस्ट के बारे में जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। उसे काउंटी जेल में रखा गया है।
अमेरिका में पहले ही कम वैक्सीनेशन से अधिकारी चिंतित
अमेरिका में पहले ही कोविड वैक्सीन के टीकाकरण को लेकर अधिकारी निराशा जाहिर कर चुके हैं। यहां तक कि कम वैक्सीनेशन हो पाने को लेकर अमेरिका के महामारी विभाग के राष्ट्रीय निदेशक एंथोनी फाउची ने कम वैक्सीनेशन को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने बताया कि हमारा लक्ष्य दिसम्बर के अंत तक 2 करोड़ लोगों को टीका लगा देने का था जिससे हम काफी दूर हैं और ये निराश करने वाला है।












Click it and Unblock the Notifications