अगले दलाई लामा पर चीन को बड़ा झटका, US Congress में पास हुआ तिब्बत कानून
वाशिंगटन। US Congres Passes Tibet Law: तिब्बत के मुद्दे पर अमेरिका ने चीन को तगड़ा झटका दिया है। अमेरिकी कांग्रेस ने तिब्बत के समर्थन में एक बिल पास किया है जिसमें कहा गया है कि अमेरिका तिब्बती लोगों के अपने सर्वोच्च आध्यात्मिक नेता चुनने के अधिकार का समर्थन करता है। धर्मशाला स्थित तिब्बत की निर्वासित सरकार केंद्रीय तिब्बती प्रशासन ने अमेरिका के इस कदम को ऐतिहासिक बताते हुए चीन के लिए साफ संदेश कहा है।

अमेरिकी सीनेट ने पास किए तिब्बती नीति और समर्थन कानून Tibetan Policy and Support Act of 2020 (TPSA) में तिब्बत की राजधानी ल्हासा में अमेरिका का वाणिज्य दूतावास खोलने की बात कही गई है। इसके साथ ही तिब्बती लोगों को अपना आध्यात्मिक लीडर (अगला दलाई लामा) चुनने के अधिकार का समर्थन किया गया है। इस कानून में अगले दलाई लामा के पुनर्जन्म का निर्णय और चयन वर्तमान दलाई लामा, तिब्बती बौद्ध नेताओं और तिब्बती लोगों के ऊपर है। टीपीएस कानून पारित होने के बाद अब यह अमेरिका की आधिकारिक नीति का हिस्सा बन गया है। केंद्रीय तिब्बती प्रशासन ने इस बारे में जानकारी दी है। हाउस से इस बिल को पहले ही पारित किया जा चुका है।
बयान में कहा गया कि तिब्बती लोगों के इस अधिकार में किसी भी तरह का चीनी हस्तक्षेप अमेरिका को अस्वीकार होगा और उसके ऊपर सख्त प्रतिबंधों को लागू करेगा। केंद्रीय तिब्बती प्रशासन तिब्बत की निर्वासित सरकार को कहा जाता है इसका मुख्यालय हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में स्थित है।
चीन ने कहा आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप
अमेरिका के इस कदम से तिलमिलाए चीन ने इसे अपने आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप बताया है। चीन के विदेश विभाग के प्रवक्ता ने ट्रंप प्रशासन से इस बिल पर हस्ताक्षर करने को कहा है।
चीन के विदेश विभाग के प्रवक्ता वांग बेनबिन ने कहा "हम अमेरिका से चीन के आंतरिक मामलों में दखल न देने का आग्रह करते हैं और इस नकारात्मक कानून पर हस्ताक्षर करने से बचने को कहेंगे। यह हमारे आगे के सहयोग और द्विपक्षीय संबंधों को नुकसान पहुंचाएगा।"
तिब्बत की निर्वासित सरकार के प्रमुख लॉबसैंग सैंगे (Lobsang Sangay) ने अमेरिका के इस कदम को तिब्बत के स्वतंत्रता संग्राम आंदोलन के लिए बड़ी जीत बताया है। सैंगे ने बताया कि हम पिछले दो सालों से इसके लिए प्रयास कर रहे थे। अमेरिका का यह कदम हमारे महान नेता दलाई लामा के लिए सम्मान है।












Click it and Unblock the Notifications