पूर्वी यूक्रेन में धमाके की खबर, अमेरिका का दावा- पुतिन ने दिए युद्ध के आदेश, रूसी सैनिकों ने संभाला मोर्चा
रूस ने अपने पड़ोसी देश बेलारूस में भी भारी संख्या में युद्धाभ्यास किया है और रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर में यूक्रेन के पड़ोसी बेलारूस में रूस ने कम से कम 20-30 हजार सैनिकों को तैनात कर दिया है।
वॉशिंगटन/मॉस्को, फरवरी 21: अमेरिका ने दावा किया है कि रूस ने अपने सैनिकों को यूक्रेन पर हमला करने का आदेश दे दिया है और अब रूसी सैनिक यूक्रेन पर हमला करने के लिए विशिष्ट युद्ध योजना बनाने में जुट गये हैं। इस बीच पूर्वी यूक्रेन में सुबह सुबह भारी धमाका होने की खबर आ रही है, वहीं सैटेलाइट तस्वीरों से पता चल रहा है कि, रूसी सैनिक हमला करने के लिए पूरी तरह से तैयार हो चुके हैं।

पूर्वी यूक्रेन में धमाके की खबर
समाचार एजेंसी रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को पूर्वी यूक्रेन में रूसी समर्थित अलगाववादी के कब्जे वाले शहर डोनेट्स्क के केंद्र में एक विस्फोट होने की खबर है। एजेंसी ने दावा किया है किस विस्फोट की उत्पत्ति अभी स्पष्ट नहीं है। पूर्वी यूक्रेन का डोनेट्स्क शहर वो शहर है, जहां रूसी समर्थक अलगवावादियों का नियंत्रण है और इस धमाके की आवाज उस वक्त सुनी गई है, जब अमेरिका ने चेतावनी दी थी कि रूस यूक्रेन पर हमला करने के काफी करीब पहुंच चुका है। वहीं, एक दिन पहले ही रूस अपृने उस संकल्प को भी तोड़ चुका है, जिसमें उसने यूक्रेन की सीमा से अपने सैनिकों को वापस बुलाने की बात कही थी।

आखिरी चरण में युद्ध की तैयारी?
रूस ने अपने पड़ोसी देश बेलारूस में भी भारी संख्या में युद्धाभ्यास किया है और रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर में यूक्रेन के पड़ोसी बेलारूस में रूस ने कम से कम 20-30 हजार सैनिकों को तैनात कर दिया है। रिपोर्ट है कि, रूस ने कम से कम तीन तरफ से यूक्रेन को घेर रखा है। वर्तमान में, टैंक, युद्धक विमानों, तोपखाने आदि के साथ कम से कम 150,000 रूसी सैनिक यूक्रेन की सीमाओं के काफी करीब तैनात हैं। यूक्रेन की सीमा पर रूसी सैनिकों की मौजूदगी ने चिंता जताई है कि उनका इस्तेमाल यूक्रेन की राजधानी कीव पर हमला करने के लिए किया जा सकता है, जो तीन घंटे से भी कम की दूरी पर स्थित है।

''हमले का दिया जा चुका है आदेश''
वहीं, अमेरिका ने दावा किया है कि रूस ने अपने सैनिकों को यूक्रेन पर हमला करने का आदेश दे दिया है और अब रूसी सैनिक आखिरी तैयारी में काफी तेजी के साथ जुटे हुए हैं। एक अमेरिकी अधिकारी ने रविवार को कहा कि, राष्ट्रपति बाइडेन का यह दावा कि पुतिन ने यूक्रेन पर रूसी सेना को हमला करने का आदेश दे दिया है, ये बयान खुफिया जानकारी पर आधारित था कि रूसी फ्रंट-लाइन कमांडरों को हमले की अंतिम तैयारी शुरू करने के आदेश दिए गए हैं। संवेदनशील खुफिया जानकारी का वर्णन करने के लिए अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बात की। रूस ने शनिवार को परमाणु अभ्यास के साथ-साथ बेलारूस में पारंपरिक अभ्यास किया, और रूसी सैनिक पहले ही काला सागर में नौसैनिक अभ्यास कर रहे हैं।
सैटेलाइट तस्वीरों में युद्ध की तैयारी
वहीं, अमेरिका के दावे के बीच नई सैटेलाइट तस्वीरों में यूक्रेन की उत्तरपूर्वी सीमा के करीब रूसी सैनिकों की काफी तेज गतिविधियां दिखाई दे रही हैं। सैटेलाइट तस्वीरों से पता चलता है कि, रूसी सैनिक यूक्रेन के बेहद करीब गैरीसन में पहुंच चुकी थीं। मैक्सार लैब ने रविवार को उपग्रह से ली गई तस्वीरों को एकत्र किया है। मैक्सर का आकलन है कि "बख्तरबंद उपकरणों और सैनिकों के कई नए क्षेत्र की तैनाती बेलगोरोड के उत्तर-पश्चिम में और सोलोटी और वालुकी में की गई है।" ये शहर यूक्रेन के साथ रूसी सीमा के 35 किलोमीटर (लगभग 21 मील) के भीतर हैं। मैक्सार लैब की तस्वीरों से पता चलता है कि, रूस के टैंक, बख्तरबंद कर्मियों के वाहन, तोपखाने और दूसरे सैन्य समर्थन उपकरण वहां पर मौजूद हैं।

रूसी विद्रोही कर रहे तेज हमले?
वहीं, यूक्रेन की सेना ने दावा किया है कि, पूर्वी यूक्रेन में रूस समर्थित विद्रोहियों ने जमकर हमले करने शुरू कर दिए हैं। यूक्रेनी संयुक्त बल कमान ने आरोप लगाया है कि रूसी समर्थित अलगाववादियों ने यूक्रेन के सशस्त्र बलों पर 'झूठा आरोप' लगाने और युद्ध की स्थिति को और बढ़ाने के प्रयास में अपने ही क्षेत्र में भारी हथियारों के साथ तबाही मचानी शुरू कर दी है। यूक्रेनी सेना ने कहा है कि, रात 9 बजे के बाद अलगाववादियों ने लोबाचेव से लुहान्स्क शहर में भारी गोलीबारी की है। आपको बता दें कि, ये दोनों ही क्षेत्र पूर्वी यूक्रेन में स्व-घोषित लुहान्स्क पीपुल्स रिपब्लिक (एलपीआर) के भीतर हैं। वहीं, यूक्रेन की सेना ने कहा है कि, वो कभी भी ऐसा कोई काम नहीं करेगी, जिससे रूस को युद्ध छेड़ने का मौका मिल जाए।












Click it and Unblock the Notifications