क्या ट्रंप ने हिलेरी क्लिंटन को दी जान से मारने की धमकी?
नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति पद के लिए रिपब्लिकन पार्टी की ओर से दावेदारी पेश कर रहे डोनाल्ड ट्रंप अपने एक बयान को लेकर फिर से विवादों में घिर गए हैं। ट्रंप का इस बयान को एक तरह से हिलेरी क्लिंटन को धमकी के तौर पर देखा जा रहा है।
रिपब्लिकन उम्मीदवार ट्रंप ने अपने एक बयान में द्वितीय संशोधन वाले लोगों यानी बंदूक मालिकों या फिर हथियारों से जुड़े अधिकारों का समर्थन करने वाले लोगों से अपील की है कि वह हिलेरी क्लिंटन को व्हाइट हाउस की दौड़ में जीतने से रोकें। साथ ही ऐसे लोग अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के नए जजों के चुनाव को भी रोक सकते हैं।

हिलेरी समर्थकों ने बयान पर जताई नाराजगी
हालांकि ट्रंप के इस बयान से सीधे तौर पर ऐसा नहीं लगता कि वह हिलेरी क्लिंटन को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं लेकिन अमेरिकी सांसदों का कहना है कि ट्रंप ने हिलेरी को जान से मारने की धमकी दी है।
दूसरी ओर ट्रंप समर्थकों ने इन दावों को खारिज किया है। उनका कहना है कि ट्रंप ने बस हिलेरी क्लिंटन को राजनीतिक शक्ति के जरिए रोकने की अपील की है।
बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप ने उत्तरी कैरोलिना के विलिंगटन में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा था कि हिलेरी क्लिंटन अगर राष्ट्रपति चुनी जाती हैं तो मुझे लगता है कि वे दूसरे संशोधन को पूरी तरह भले ही खत्म नहीं करें लेकिन कमजोर जरूर करेंगी। ऐसा वे सुप्रीम कोर्ट के जजों के जरिए करेंगी। इसके लिए पहले वह अपने पसंद के जजों का चुनाव करेंगी। ऐसी सूरत में आप कुछ नहीं कर सकेंगे। हालांकि दूसरे संशोधन के लोगों में उन्हें रोकने की क्षमता है।

ट्रंप का आरोपों से इंकार बयान पर दी सफाई
ट्रंप के इस बयान को हिलेरी क्लिंटन समर्थकों ने गंभीरता से लिया और तुरंत ही अपना जवाब दिया। हिलेरी फॉर अमेरिका अभियान के मैनेजर रॉबी मूक ने कहा कि ये स्पष्ट है- ट्रंप जो भी बातें कह रहे वह खतरनाक है। जो शख्स अमेरिका के राष्ट्रपति बनने की सोच रहा है वह किसी भी सूरत में हिंसा की बात नहीं कर सकता।
इन सबके बीच ट्रंप समर्थकों ने सिरे इन बातों को खारिज कर दिया। उन्होंने आरोपों को खारिज करते हुए मीडिया पर भी निशाना साधा है।
इस सबके बीच ट्रंप ने एक टीवी चैनल में इंटरव्यू के दौरान खुद पर लग रहे आरोपों को खारिज कर दिया है। बावजूद इसके हिलेरी के समर्थक ट्रंप के बयान से नाराज हैं तो दूसरी ओर ट्रंप समर्थक उनके समर्थन में सफाई देते नजर आ रहे हैं। हालांकि ये कोई पहला मौका नहीं है जब ट्रंप के बयान पर विवाद हुआ हो।














Click it and Unblock the Notifications