‘कश्मीर मुद्दे का हल निकाले बगैर भारत से रिश्ता नहीं’, पाकिस्तान के केयरटेकर PM बोले- भारत से युद्ध नहीं चाहते
कार्यवाहक प्रधानमंत्री अनवर-उल-हक काकर ने कहा है कि कश्मीर के मूल मुद्दे को हल किए बिना भारत के साथ संबंध सामान्य नहीं हो सकते। जियो न्यूज कार्यक्रम में अपने पहले विशेष साक्षात्कार में बोलते हुए अंतरिम प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के साथ संबंधों को सुधारना चाहते हैं पर इसके लिए कश्मीर मुद्दे का शांतिपूर्वक हल निकलना जरूरी है।
काकर ने संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों के अनुसार कश्मीर मुद्दे के शांतिपूर्ण समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हम शांतिपूर्ण ढंग से इस मुद्दे का हल चाहते हैं, लेकिन अगर शांति स्थापित नहीं होती है तो भारत और पाकिस्तान ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के लिए चिंता का विषय होगा।

अंतरिम प्रधानमंत्री ने कहा कि पाकिस्तान भारत के साथ युद्ध नहीं करना चाहता। पीएम काकर ने कहा, ''कश्मीर को मुख्य मुद्दा बताने का मतलब यह नहीं है कि हम भारत के साथ हर समय युद्ध चाहते हैं।'' उन्होंने कहा कि इस्लामाबाद के साथ नई दिल्ली के पारंपरिक और ऐतिहासिक संबंध दोस्ताना नहीं रहे हैं।
5 अगस्त 2019 को जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटने के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच व्यापार बंद है। तत्कालीन प्रधानमंत्री इमरान खान ने दोनों देशों के बीच होने वाले व्यापार को यह कहकर रोक दिया था कि धारा 370 की बहाली तक दोनों देशों के बीच व्यापार नहीं होगा।
भारत और पाकिस्तान के बीच संबंधों और इस संबंध में व्यापार की भूमिका पर टिप्पणी करते हुए कार्यवाहक प्रधानमंत्री ने कहा कि द्विपक्षीय व्यापार पर अंतिम निर्णय भारतीय राजनेताओं को लेना है।
उन्होंने इस साल मई में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के अध्यक्ष इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद हुए दंगों की निंदा की। 9 मई की हिंसा को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में पीएम काकर ने कहा ये देश में तख्तापलट और गृह युध की कोशिश थी। निशाने पर आर्मी चीफ और उनकी टीम थी।
उन्होंने कहा कि सैन्य ठिकानों और जवानों पर हमले की कोशिश करने वालों के खिलाफ मिलिट्री ट्रायल किए जाएंगे। हालांकि उन्होंने कहा कि सरकार यह धारणा नहीं बनाना चाहती कि 9 मई की हिंसा के आरोपियों से बदला लिया जा रहा है।
अंतरिम प्रधानमंत्री ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल को दूसरों पर पत्थर फेंकने, उनके साथ दुर्व्यवहार करने और इमारतों को जलाने का अधिकार नहीं है। उन्हें जिस नई भूमिका के लिए चुना गया है, उसके बारे में बोलते हुए, पीएम काकर ने कहा कि उन्हें नहीं पता था कि वे कभी प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बैठेंगे।
एक अन्य प्रश्न के उत्तर में, कार्यवाहक प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया उम्मीद कर रही थी कि नई सरकार के आने से अफगानिस्तान में स्थिति में सुधार होगा "लेकिन दुर्भाग्य से, यह खराब हो गई"। उन्होंने कहा कि युद्धग्रस्त देश से हटने के बाद अमेरिकी सेना द्वारा छोड़े गए हथियार, गोला-बारूद और अन्य सैन्य उपकरण समस्याएं पैदा कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि देश में आम चुनाव की तारीख तय करना पाकिस्तान चुनाव आयोग (ईसीपी) का विशेषाधिकार है। अंतरिम पीएम ने यह भी कहा कि आगामी चुनावों पर सुप्रीम कोर्ट जो भी फैसला करेगा, उनकी सरकार उसका पालन करेगी।












Click it and Unblock the Notifications