पत्नी और बहन की वजह से हो रहा है नॉर्थ कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन का इमेज मेकओवर
कभी परमाणु परीक्षण की वजह से चर्चा में रहने वाले नॉर्थ कोरिया के नेता किम जोंग उन इस समय अपने बदले हुए बर्ताव से लोगों को हैरान कर रहे हैं। एक माह के अंदर उनका एक नया ही अंदाज लोगों को देखने को मिला है।
टोक्यो। कभी परमाणु परीक्षण की वजह से चर्चा में रहने वाले नॉर्थ कोरिया के नेता किम जोंग उन इस समय अपने बदले हुए बर्ताव से लोगों को हैरान कर रहे हैं। एक माह के अंदर उनका एक नया ही अंदाज लोगों को देखने को मिला है। किम न सिर्फ पहली बार नॉर्थ कोरिया से बाहर चीन की यात्रा पर गए बल्कि उन्होंने अमेरिका की उस शर्त को भी मान लिया है जिसमें उनसे परमाणु परीक्षण का वादा करने की बात कही गई थी। सिर्फ इतना ही नहीं लोगों को हैरानी तब हुई जब वह साउथ कोरियन आर्टिस्ट्स के कॉन्सर्ट में पहुंच गए। विशेषज्ञों की ओर से किम की इस बदली हुई इमेज का श्रेय उनकी पत्नी और उनकी छोटी बहन को दिया जा रहा है। पिछले कुछ माह में किम ने अपनी जिंदगी में शामिल इन दोनों महिलाओं के साथ ही हर कार्यक्रम में शिरकत की है। किम की पत्नी उनके साथ चीन भी गई थीं।

किम के इमेज मेकओवर की वजह
किम को भले ही उनके बदले ही एटीट्यूड की वजह से तारीफ मिल रही हो लेकिन इसका श्रेय उनकी बहन किम यो जोंग और पत्नी रि सोल जो को जाता है। किम अब एक के बाद एक कई समिट का हिस्सा बन रहे हैं और कई ऐसे कूटनीतिक कदम उठा रहे हैं जिनकी उम्मीद उनसे किसी ने नहीं की थी। उनके हालिया प्रयासों की वजह से किम को अंतरराष्ट्रीय स्तर एक नए नेता के तौर पर देखा जाने लगा है। माना जा रहा है कि किम अपने शासन करने का तरीका बदलना चाहते हैं और साथ ही वह दुनिया के सामने अपनी तानाशाह वाली इमेज को भी बदलना चाहते हैं। 27 अप्रैल को किम की मुलाकात साउथ कोरिया के राष्ट्रपति मून जेइ इन से होनी है। माना जा रहा है उस दौरान भी किम इसी सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए नजर आएंगे।

पत्नी री मिलेंगी मेलानिया से!
किम की पत्नी री की फोटोग्राफ पहली बार उस समय सार्वजनिक तौर पर सामने आई थी जब वह पिछले माह चीन के दौरे पर गए थे। बीजिंग में किम जोंग ने पिछले माह चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के दौरान किम अपनी पत्नी री के साथ थे। अब मई या जून में किम की मुलाकात अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से होनी है। माना जा रहा है कि री, किम के साथ होंगी और वह अपनी समकक्ष मेलानिया ट्रंप से भी मुलाकात करेंगी। री के बारे में कहते हैं कि वह शांत स्वभाव की हैं और हमेशा महंगे कपड़ों को ही तरजीह देती हैं। री बचपन से ही परफॉर्मिंग आर्ट्स में ट्रेनिंग हासिल कर चुकी हैं। कहते हैं किम और री की शादी साल 2009 या 2010 में हुई थी और शादी से पहले री उनहाशू ऑर्केस्ट्रा के साथ परफॉर्म करती थीं। वह खुद भी सिंगर हैं और नॉर्थ कोरिया के पॉप ग्रुप मोराबोंग बैंक के काफी करीब हैं, जिसकी शुरुआत किम ने ही की थी।

पत्नी के बारे में ज्यादा जानकारियां नहीं
री को उन चुनिंदा महिलाओं में शामिल किया गया था जिन्हें साल 2005 में साउथ कोरिया भेजा गया था ताकि वह एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अपने देश के खिलाड़ियों के लिए चीयर कर सकें। माना जाता है कि उनकी उम्र 28 वर्ष है। उनके बारे में ज्यादा जानकारी मौजूद नहीं है। किम के पिता ने भी उनकी मां के बारे में कई जानकारियों को सीक्रेट ही रखा था। पहली बार किम और उनकी पत्नी की फोटोग्राफ साल 2012 में सामने आई थी जब वह एक मनोरंजन पार्क में घूमने गए थे। वह किम के साथ थीं। इसके अलावा साल 2012 में दोनों उस समय साथ में नजर आए थे जब साल 2014 में एनबीएए स्टार डेनिस रोडमैन किम के बर्थडे पर आयोजित एक प्रदर्शनी मैच खेलने आए थे। बताया जाता है कि किम और री के तीन बच्चे हैं। हालांकि इस पर अभी तक किसी तरह की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। माना जा रहा है इस हफ्ते उन्हें फर्स्ट लेडी की तरह सम्मानित किया जा सकता है।

बहन का रोल भी अहम
किम की पत्नी के अलावा उनकी छोटी बहन किम यो जोंग भी अब खबरों में आई हैं। फरवरी में यो अपने परिवार से पहली सदस्य थीं जो साउथ कोरिया गई थीं। वह यहां पर ओलंपिक्स के उद्घाटन के लिए गई थीं।यहां पर उन्होंने साउथ कोरिया के राष्ट्रपति और कई और व्यक्तियों से मुलाकात की थी। 30 वर्ष की उम्र में किम जोंग की बहन उनकी सबसे बड़ी राजदार हैं। वह अपने भाई के साथ ही कई वर्षों तक स्विट्जरलैंड में रही हैं। पिछले वर्ष अक्टूबर से ही वह अपने भाई की इमेज को बदलने की कोशिशों में लगी हुई हैं। वह पहले बहुत कम ही मौकों पर नजर आती थीं। मीडिया में भी उनका नाम कभी नहीं आता था। रविवार को किम की बहन और उनकी पत्नी की फोटोग्राफ सामने आई और दोनों काफी ग्लैमरस लग रही थीं।












Click it and Unblock the Notifications