नेपाल भूकंप: दहशत के साये में खुले टेंट के नीचे महिला ने दिया स्वस्थ बच्ची को जन्म
काठमांडू। इस समय पूरा नेपाल प्रकृति के कहर से त्रस्त है तो वहीं मंगलवार को आये भूकंप ने एक बार फिर से नेपालवासियों को डरा दिया है लेकिन जहां एक और कुदरत अपनी नारजगी दिखा रही हैं वहीं दूसरी ओर कुदरत करिश्मे भी कर रही है।
मंगलवार को आये भूकंप के बाद काठमांडू के अस्पतालों को भी खाली करा लिया गया था, जिसमें मैटर्निटी हॉस्पिटल (प्रसूति अस्पताल) की महिलाएं भी शामिल थीं। मरीजों को तत्काल टेंट में लाया गया। उसी में एक महिला जिसका नाम आशा श्रेष्ठा हैं , ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया।
डॉक्टरों के मुताबिक वो आशा का आप्रेशन करने ही जा रहे थे कि भूकंप आ गया, ऐसे में हम तुरंत आशा को लेकर बाहर आये और हमने खुले टेंट में आशा का आप्रेशन किया और आशा ने स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया और जन्म के बाद मां और बच्ची दोनों पूरी तरह से स्वस्थ और सुरक्षित हैं। हां, भूकंप को लेकर लोग थोड़ा भयभीत जरूर हैं लेकिन इसके बावजूद मरीजों का इलाज सही तरीके से किया जा रहा है।
आशा ने मीडिया से कहा कि मुझे जब लेबर पेन हो रहा था तो मैंने देखा कि अस्पताल का प्लास्टर उखड़ रहा है लेकिन उसके बाद मुझे कुछ याद नहीं और जब मेरी आंख खुली तो मेरे पास मेरी बच्ची थी।
मालूम हो कि भूकंप की मार झेल रहे हिमालयी देश नेपाल में मंगलवार को आए एक और भूकंप में अबतक 65 लोगों की मौत हो चुकी है। गृह मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि 25 अप्रैल के विनाशकारी भूकंप के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 8,216 हो गई है।













Click it and Unblock the Notifications