पाकिस्तान में झंडा बेच रहे दुकान पर आंतकियों ने फेंका ग्रेनेड, एक की मौत, 14 घायल
पाकिस्तान के दक्षिण पश्चिम बलूचिस्तान प्रांत में पाकिस्तानी राष्ट्रीय ध्वज बेच रहे एक दुकान पर गुरुवार रात को संदिग्ध अलगाववादियों ने ग्रेनेड फेंक दिया जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गयी और 14 लोग घायल हो गए।
इस्लामाबाद, 05 अगस्तः पाकिस्तान के दक्षिण पश्चिम बलूचिस्तान प्रांत में पाकिस्तानी राष्ट्रीय ध्वज बेच रहे एक दुकान पर गुरुवार रात को संदिग्ध अलगाववादियों ने ग्रेनेड फेंक दिया जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गयी और 14 लोग घायल हो गए। हालांकि अभी तक किसी ने क्वेटा में हुए इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। पुलिस के मुताबिक यह हमला सड़क किनारे बनी एक दुकान पर हुआ है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी फिदा हुसैन ने बताया कि घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रांतीय स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता वासिम बेग ने बताया कि एक घायल की हालत गंभीर है। इस घटना के बाद हमले के आसपास क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

पाकिस्तान का आजादी दिवस
दरअसल, 14 अगस्त को पाकिस्तान में स्वतंत्रता दिवस मनाया जाना है जिसे लेकर पूरे देश में तैयारियां चल रही हैं। लोग अपने घरों पर झंडा लगा रहे हैं, यही वजह है कि वहां के कई दुकानदार पाकिस्तानी झंडा बेंच रहे हैं। गौरतलब है कि बलूचिस्तान में अलगाववादी इस्लामाबाद में केंद्र सरकार से आजादी की मांग करते रहे हैं। सरकार का कहना है कि उसने उग्रवाद को खत्म कर दिया है, लेकिन इस प्रांत में हिंसा अब भी होती रहती है।
पाकिस्तानी सेना का हेलीकॉप्टर क्रैश
इससे पहले बलूचिस्तान में बाढ़ राहत अभियान में तैनात पाकिस्तानी सेना का एक हेलीकॉप्टर मंगलवार को एटीसी से संपर्क टूटने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। सेना के अधिकारियों के मुताबिक हेलीकॉप्टर में लेफ्टिनेंट जनरल और पांच सीनियर सैन्य अधिकारियों की मौत हो गई है। पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस के महानिदेशक मेजर जनरल बाबर इफ्तिखार के मुताबिक, बाढ़ राहत कार्यों में तैनात हेलीकॉप्टर का मलबा मूसा गोथ, विंदार, लासबेला में मिला। खबर के मुताबिक हेलीकॉप्टर में 12 वीं कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल सरफराज अली समेत सभी छह अधिकारियों और सैनिकों की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच के मुताबिक दुर्घटना का कारण खराब मौसम बताया गया है।












Click it and Unblock the Notifications