तालिबान 2.0 में पहली बार शख्स को सरेआम फांसी की सजा, लोगों की भीड़ के सामने लटकाया
अमेरिका ने तालिबान द्वारा सरेआम फांसी दिए जाने को लेकर तालिबान सरकार की आलोचना की है। विदेश विभाग के प्रवक्ता नेड प्राइस ने कहा कि इस घटना से जाहिर होता है कि तालिबान 1990 के दशक की अपनी पुरानी प्रथाओं की वापसी चाहता है।

Image: File
तालिबान ने बुधवार को एक अफगानिस्तानी नागरिक को सार्वजनिक रूप से मौत दी। इस व्यक्ति पर एक शख्स की हत्या का आरोप था। तालिबान प्रवक्ता ने बताया कि यह सजा शरिया कानून के तहत दी गई है। प्रवक्ता के मुताबिक दोषी को पश्चिमी फराह प्रांत में सैकड़ों नागरिकों और तालिबान के कई शीर्ष अधिकारियों के सामने दोषी को फांसी पर लटकाया गया। आपको बतादें कि पिछले साल 15 अगस्त को अफगानिस्तान में तालिबान की वापसी के बाद यह पहली बार है जब किसी को सार्वजनिक फांसी हुई है।
हत्या के मामले में ठहराया गया दोषी
देश की तीन सर्वोच्च अदालतों और तालिबान के सर्वोच्च नेता मुल्ला हैबतुल्ला अखुंदजादा द्वारा अनुमोदन के बाद मुजाहिद ने कहा कि सजा देने का फैसले में बहुत सावधानी बरती गई। उसे पांच साल पहले फराह प्रांत निवासी मुस्तफा नामक शख्स की हत्या करने और उसकी मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन चोरी करने के मामले में दोषी ठहराया गया था। फांसी पर लटकाए गए व्यक्ति की पहचान हेरात प्रांत के ताजमीर के रूप में हुई है।
दोबारा सत्ता में आने के बाद पहली बार फांसी
प्रवक्ता मुजाहिद ने एक बयान में कहा कि ताजमीर ने पीड़ित परिवार द्वारा अपराध का आरोप लगाने के बाद तालिबान सुरक्षा बलों ने ताजमीर को गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि बयान में यह नहीं बताया गया कि उसकी गिरफ्तारी कब हुई थी लेकिन ताजमीर ने हत्या कुबूल की यह जानकारी दी गई थी। तालिबान द्वारा सार्वजनिक रूप से फांसी की सजा सुनाए जाने की चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है। इसे लेकर अमेरिका ने भी प्रतिक्रिया जताई है।
अमेरिका ने तालिबान की आलोचना की
अमेरिका ने कट्टरपंथी इस्लामिक समूह द्वारा सरेआम मौत की सजा दिए जाने की खबरों के सामने आने के बाद तालिबान सरकार की आलोचना की है। अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता नेड प्राइस ने मीडिया ब्रीफिंग में कहा कि इस घटना से जाहिर होता है कि तालिबान 1990 के दशक की अपनी पुरानी प्रथाओं की वापसी चाहता है। नेड प्राइस ने कहा कि यह सभी अफगान नागरिकों की गरिमा और मानवाधिकारों का अपमान है। साथ ही यह तालिबान द्वारा अपने वादों को पूरा करने में स्पष्ट विफलता है।












Click it and Unblock the Notifications