Tahawwur Hussain Rana: आतंकवादी भी डॉक्टर भी, हेडली के बचपन का दोस्त, जानिए तहव्वुर राणा का पकिस्तानी कनेक्शन
Tahawwur Hussain Rana: आतंकवादी भी डॉक्टर भी, हेडली के बचपन का दोस्त, जानिए तहव्वुर हुसैन राणा का पकिस्तानी कनेक्शन
Tahawwur Hussain Rana Extradition: मुंबई आतंकवादी हमले के मुख्य साजिशकर्ता तहव्वुर हुसैन राणा के भारत प्रत्यर्पणका रास्ता अब साफ हो गया है। अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने राणा के भारत प्रत्यर्पण को मंजूरी दे दी है, और उसकी सजा के खिलाफ दायर की गई याचिका को खारिज कर दिया है। इस फैसले से राणा को भारत लाने की अंतिम कानूनी बाधा समाप्त हो गई है।
कौन है तहव्वुर हुसैन राणा?
तहव्वुर हुसैन राणा 63 साल का पाकिस्तानी मूल का कनाडाई नागरिक है, जो पाकिस्तान आर्मी में एक डॉक्टर रह चुका है। 1990 के दशक में वह कनाडा चला गया और वहां की नागरिकता प्राप्त की। इसके बाद वह अमेरिका गया और शिकागो में एक इमिग्रेशन कंसल्टेंसी फर्म खोली, जिसका नाम "फर्स्ट वर्ल्ड इमिग्रेशन सर्विसेज" था।

राणा का दोस्त डेविड हेडली (जिसे पहले दाऊद गिलानी के नाम से जाना जाता था) था, जो 2008 के मुंबई आतंकी हमलों की साजिश रचने में शामिल था। हेडली ने मुंबई के प्रमुख स्थलों की रेकी की और राणा की इमिग्रेशन कंसल्टेंसी का उपयोग किया। इस मामले में राणा पर आरोप था कि उसने हेडली को साजिश में मदद की।
यह भी पढ़ें US Defence Secretary: पीट हेगसेथ बने अमेरिका के रक्षा सचिव, कभी थे न्यूज़ एंकर, विवादों से रहा है गहरा नाता
डेविड हेडली का मददगार, मुंबई हमलों में थी संलिप्तता
2008 के मुंबई हमलों में राणा की भूमिका डेविड हेडली को सहायता प्रदान करने से जुड़ी थी। हेडली ने मुंबई में ताज महल होटल और छत्रपति शिवाजी टर्मिनस जैसी प्रमुख जगहों की रेकी की और इन स्थलों का दौरा किया, जिसमें उसने राणा की इमिग्रेशन कंसल्टेंसी के कर्मचारी होने का ढोंग किया। इसके अलावा, राणा ने 2005 में डेनिश समाचार पत्र पर हमले की योजना में भी भाग लिया था, जिसने पैगंबर मोहम्मद के विवादास्पद कार्टून प्रकाशित किए थे।
तहव्वुर राणा, डेविड कोलमैन हेडली के बचपन का दोस्त है। अमेरिकी अफसरों ने अक्टूबर 2009 में उसे शिकागो से गिरफ्तार किया था। हेडली को अमेरिकी अदालत ने 24 जनवरी, 2013 को मुंबई हमलों में शामिल होने का दोषी मानते हुए 35 वर्ष जेल की सजा सुनाई थी. तहव्वुर राणा ने पाकिस्तान के हसन अब्दाल कैडेट स्कूल में शिक्षा ग्रहण की, जहां हेडली भी अमेरिका शिफ्ट होने से पहले 5 वर्ष तक पढ़ा था।
हुई थी 14 साल की सजा,लॉस एंजिलिस की जेल में है बंद
2011 में अमेरिका में राणा का मुकदमा चला, और उसे लश्कर-ए-तैयबा को सहायता देने का दोषी ठहराया गया। हालांकि, अमेरिकी जूरी ने उसे मुंबई हमलों में प्रत्यक्ष संलिप्तता से बरी कर दिया। उसे 14 साल की सजा सुनाई गई और पांच साल की निगरानी अवधि दी गई। राणा के वकील का दावा था कि हेडली ने उसे धोखे से आतंकवादी योजनाओं में मदद करने के लिए मजबूर किया।
अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने शनिवार को तहव्वुर राणा के भारत प्रत्यर्पण को मंजूरी दे दी है। राणा ने अपनी प्रत्यर्पण को रोकने के लिए कई कानूनी कोशिशें कीं, लेकिन अमेरिकी अपीलीय कोर्ट सहित विभिन्न संघीय अदालतों में हारने के बाद अब उसका भारत प्रत्यर्पण सुनिश्चित हो चुका है। फिलहाल, तहव्वुर राणा लॉस एंजिलिस की जेल में बंद है।
2008 में मुंबई पर हुआ था आतंकी हमला
26 नवंबर 2008 को भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई पर आतंकी हमला हुआ था। इस हमले में छह अमेरिकियों समेत कुल 166 लोग अपनी जान गंवा बैठे थे। हमलावरों में 10 पाकिस्तानी आतंकवादियों ने 60 घंटे से भी अधिक समय तक मुंबई के प्रमुख स्थानों पर हमला करके आतंक मचाया था।
यह भी पढ़ें 'तूने मुझे बुलाया शेरा वालिये', लाल चुनरी ओढ़कर फारूक अब्दुल्ला ने गाया भजन, देखें VIDEO












Click it and Unblock the Notifications