मुजरिमों को सजा सुनाने वाले भी सजा से बच नहीं पाए, चीन में सुप्रीम कोर्ट के जज को 12 साल की जेल
China News: चीन में एक सुप्रीम कोर्ट के जज को सजा सुनाई गई है। उसपर पद के दुरुपयोग करने का आरोप है। उसे 12 साल की सजा सुनाई गई है। इसके साथ ही उस पर भारी जुर्माना भी लगाया गया है।

चीन में पहली बार सुप्रीम कोर्ट के जज को ही सजा सुनाई गई है। सुप्रीम कोर्ट के इस जज पर बीते 20 सालों में 2.27 करोड़ युआन (33 लाख अमेरिकी डॉलर) की रिश्वत लेने का आरोप है। जज को 12 साल की जेल की सजा सुनाई गई है।
सुप्रीम पीपुल्स कोर्ट के पूर्व जज मेंग जियांग पर साल 2003 से 2020 के बीच रिश्वत लेने की बात स्वीकार किए जाने के बाद उन पर 20 लाख युआन का जुर्माना भी लगाया गया है। झेंग्झौ शहर में इंटरमीडिएट पीपुल्स कोर्ट ने मंगलवार को घोषणा की।
हांगकांग के साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक जज मेंग ने फर्मों के लिए निर्माण अनुबंध हासिल करने और कैडर चयन को प्रभावित करने जैसे मामलों में दूसरों की मदद करने के बदले में रिश्वत स्वीकार करने के लिए अपने पद और पावर का दुरुपयोग किया था।
रिपोर्ट के मुताबिक मेंग ने बीजिंग में एक स्थानीय जिला अदालत में क्लर्क के रूप में शुरुआत करते हुए तीन दशकों से अधिक समय तक देश की न्याय प्रणाली में काम किया था। साल 2016 में उन्हें प्रवर्तन ब्यूरो का निदेशक बनाया गया।
उन्होंने न्यायिक प्रणाली में विभिन्न नेतृत्व पदों पर कार्य किया, जिसमें बीजिंग में सुप्रीम कोर्ट भी शामिल है। मेंग का मामला चीन की न्यायपालिका के उच्च स्तरों पर भ्रष्टाचार को उजागर करता है। 58 वर्षीय मेंग को 2 साल पहले न्यायिक और भूमि प्रवर्तन अधिकारियों को टारगेट करने वाले 'स्व-सुधार' अभियान के तहत जांच के दायरे में रखा गया था।
फैसले के मुताबिक मेंग को एक हल्की सजा दी गई, क्योंकि उसने अपनी गलती मान ली और पश्चाताप व्यक्त किया। रिपोर्ट के मुताबिक जज की सारी अवैध कमाई जब्त कर ली जाएगी, और उसे राष्ट्रीय खजाने को सौंप दिया जाएगा।
वहीं पूर्व मुख्य न्यायाधीश झोउ कियांग ने पिछले महीने विधायिका की वार्षिक बैठक के दौरान कहा था कि सर्वोच्च न्यायालय के 61 अधिकारियों जिनमें सैकड़ों न्यायाधीश और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हैं को पिछले पांच सालों में जांच के दायरे में रखा गया और दंडित किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications