60 की उम्र में बिना रस्सी के 48 मंजिला इमारत पर चढ़ा 'स्पाइडरमैन', कई बार हो चुका है गिरफ्तार
फ्रांसीसी स्पाइडरमैन के रूप में पूरी दुनिया में मशहूर एलेन रॉबर्ट ने पेरिस में एक 48-मंजिला गगनचुंबी इमारत को बिना किसी सहारे के फतह कर लोगों को एक बार फिर से चौंका दिया है।
पेरिस, 18 सितंबरः फ्रांसीसी स्पाइडरमैन के रूप में पूरी दुनिया में मशहूर एलेन रॉबर्ट ने पेरिस में एक 48-मंजिला गगनचुंबी इमारत को बिना किसी सहारे के फतह कर लोगों को एक बार फिर से चौंका दिया है। यूं तो उनका आसमान छूती बिल्डिंग्स पर बिना किसी सहारे के चढ़ जाना अब सामान्य बात लगती है मगर चौंकाने वाली बात ये है कि इतनी ऊंची इमारत पर चढ़ने का कारनाम उन्होंने 60 बरस की उम्र में किया है। इस उम्र में भी उनकी ऐसी फिटनेस देख लोग हैरान हैं।

187 मीटर ऊंची इमारत पर चढ़े एलन
बीते शनिवार को एलेन रॉबर्ट पेरिस की एक 48 मंजिला गगनचुंबी इमारत पर चढ़ गए। लाल रंग के कपड़े पहनकर रॉबर्ट ने 187 मीटर यानी 613 फीट ऊंचाई नाप दी। फ्रांसीसी मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से द गार्जियन ने अपनी एक रिपोर्ट में बताया है कि फ्रांस की राजधानी पेरिस के लॉ डिफेंस बिजनेस डिस्ट्रिक्ट में स्थित इस बिल्डिंग के ऊपर एलेन रॉबर्ट बिना किसी रस्सी और तार के चढ़ गए।

60 बरस को होने पर किया ये काम
इमारत के ऊपर चढ़ने के बाद एलन ने अपनी दोनों बांहें ऊपर उठा लीं। उन्होंने कहा कि वह लोगों को यह संदेश देना चाहता हैं कि 60 साल का होना कुछ भी नहीं है। आप अभी भी खेल कर सकते हैं, सक्रिय हो सकते हैं, शानदार चीजें कर सकते हैं। मैंने कई साल पहले खुद से वादा किया था कि जब मैं 60 साल का हो जाऊंगा तो मैं उस टावर पर फिर से चढ़ूंगा। क्योंकि 60 फ्रांस में सेवानिवृत्ति की उम्र का प्रतीक है और मुझे लगा कि यह एक अच्छा अनुभव था।

150 से अधिक इमारतों पर चढ़ चुके हैं एलेन
एलेन रॉबर्ट दुनिया की कई ऊंची इमारतों पर चढ़ चुके हैं। कई बार तो वे बिना अनुमति के चढ़ चुके हैं। इस कारण उन्हें कई बार गिरफ्तार भी किया जा चुका है। एलेन रॉबर्ट ने 1975 में चढ़ाई शुरू की थी। उन्होंने दक्षिणी फ्रांस में अपने गृह नगर वैलेंस के पास चट्टानों पर प्रशिक्षण लिया। उन्होंने 1977 में एकल चढ़ाई की और तेजी से एक शीर्ष पर्वतारोही बन गए। अब तक वे दुनिया की सबसे ऊंची इमारत एफिल टॉवर और सैन फ्रांसिस्को के गोल्डन गेट ब्रिज सहित दुनिया भर में 150 से अधिक ऊंची इमारतों और संरचनाओं पर चढ़ चुके हैं।

फ्रांस के स्पाइडर मैन नाम से हैं मशहूर
एलेन सबसे चर्चित इमारत बुर्ज खलीफा पर भी चढ़ चुके हैं। साल 2011 में बुर्ज खलीफा पर चढ़ाई करने में उन्हें 6 घंटे लगे थे। आश्चर्य की बात है कि वे बिना हार्नेस के चढ़ते हैं। वे सिर्फ अपने नंगे हाथों, चढ़ाई वाले जूतों की एक जोड़ी और पसीने को पोंछने के लिए पाउडर चाक के एक बैग का उपयोग करते हैं। बता दें कि एलेन विश्व में एक सेलिब्रिटी के तौर पर जाने जाते हैं। 'गूगल सर्च' ज्यादातर ए लिस्ट सेलेब्रिटीज में हॉलीवुड और विश्व के खेल सितारों को दिखाता है लेकिन इनमें एलेन रॉबर्ट का नाम भी शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications