स्पेन के टेनेरिफ की पहाड़ियों पर जंगलों में लगी आग हुई ऑउट ऑफ कंट्रोल, गांवों को करवाया जा रहा खाली
Spain's Tenerife Wildfire: स्पेन के टेनेरिफ की पहाड़ियों पर लगी आग बेकाबू हो गई है और ये आग लगातार फैलती जा रही है। अधिकारियों ने कहा है, कि बुधवार को स्पेन के टेनेरिफ पर एक पहाड़ी राष्ट्रीय उद्यान में लगी जंगल की आग तेजी से फैल गई है। सैकड़ों अग्निशमन कर्मी स्पेन के सबसे बड़े कैनरी द्वीप पर लगी भीषण आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं।
24 घंटे के अंदर आग ने 1,800 हेक्टेयर क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया है। आग अब 22 किमी के सूखे जंगलों तक फैल गई है, जिसने स्पेन की सबसे ऊंची चोटी माउंट टाइड के दोनों किनारों को अपनी चपेट में ले लिया है। अब इस क्षेत्र तक पहुंचना बंद हो गया है।

कितनी भयानक है आग?
क्षेत्रीय नेता फर्नांडो क्लैविजो ने द्वीप की राजधानी सांता क्रूज़ में एक शाम की प्रेस वार्ता के दौरान कहा, कि जंगल की आग "नियंत्रण से बाहर" हो रही है और स्थिति खतरनाक है। उन्होंने कहा, "हमारा लक्ष्य बढ़ती आग को फौरन रोकना है।" उन्होंने कहा, कि तात्कालिक उद्देश्य बुधवार रात के लिए रक्षात्मक उपाय करना था।
फर्नांडो क्लैविजो ने कहा, कि "मुझे विश्वास है, कि 200 से ज्यादा जमीनी फोर्स जंगल में लगी आग पर काबू पाने में कामयाब हो जाएंगे, वो रात भर लगातार आग बुझाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।
जंगल की आग से निपटने के प्रयासों में 14 विमानों और 250 अग्निशामकों और सैन्य कर्मियों की संयुक्त टुकड़ी को तैनात किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, पानी गिराने वाला एक समुद्री विमान बुधवार दोपहर को मुख्य भूमि स्पेन से प्रभावित क्षेत्र में पहुंच चुका है और दो अतिरिक्त समुद्री विमानों के गुरुवार सुबह आने की उम्मीद है।
टेनेरिफ़ काउंसिल के जंगल की आग के सलाहकार विकी पाल्मा ने कैनरियास रेडियो पर कहा, कि रात के तापमान में लगभग 20 डिग्री सेल्सियस की अनुमानित गिरावट से क्षेत्र में हवा का पैटर्न तेज हो सकता है।
द्वीप की आपातकालीन सेवाओं के प्रमुख पेड्रो मार्टिनेज़ ने कहा, कि "हम इस बात से इंकार नहीं करते हैं, कि कल हम फिर से भीषण आग की गतिविधि देखेंगे।" टेनेरिफ़ परिषद का नेतृत्व करने वाली रोज़ा डेविला ने कहा, कि लोकप्रिय पर्यटक आकर्षण माउंट टाइड सहित द्वीप पर सभी पर्वत पहुंच बिंदु बंद कर दिए गए हैं।
गांवों को करवाया जा रहा खाली
स्पेन की कैनारियस रेडियो ने बताया, कि द्वीप के पूर्वोत्तर क्षेत्र में स्थित कई गांवों से अब तक लगभग 150 लोगों को निकाला गया है, जिनमें मुख्य रूप से खेत में काम करने वाले किसान शामिल हैं।
कुत्तों के लिए एक आश्रय स्थल ने एहतियाती कदम उठाते हुए अपने कुछ सबसे कमजोर कुत्तों और सांस संबंधी समस्याओं वाले कुत्तों को धुएं से बचाने के लिए बाहर निकाला है। स्पेन के हवाईअड्डा संचालक, ऐना के अनुसार, टेनेरिफ़ के दो हवाईअड्डे सामान्य रूप से काम कर रहे हैं।
हाल के सप्ताहों में कैनरी द्वीप समूह में गर्मी की लहर चल रही थी, जिससे पहले से ही रेगिस्तान जैसे द्वीपसमूह के कई क्षेत्र बेहद शुष्क हो गए थे और जंगल की आग का खतरा बढ़ गया था। इस पूरी गर्मी के दौरान, अग्निशमन टीमों ने ग्रैन कैनरिया और ला पाल्मा द्वीपों पर जंगल की आग की एक सीरिज को सफलतापूर्वक बुझा दिया है। यूरोप गर्मियों में चरम मौसम की लहरों से जूझ रहा है, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव से स्थिति और भी गंभीर हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications